राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में दिखा राष्ट्रभक्ति का संगम, दस स्कूलों ने लिया भाग
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (06/09/2025): भारत विकास परिषद् की विवेकानंद शाखा के तत्वावधान में दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में शनिवार को राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में ग्रेटर नोएडा और आसपास के दस विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में देशभक्ति की भावना का संचार करना और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना रहा।
प्रतियोगिता के दौरान प्रत्येक विद्यालय की टीम को सिखों के दस गुरुओं के नाम पर समूहों में वर्गीकृत किया गया। सभी टीमों ने सात-सात मिनट की निर्धारित समयावधि में हिंदी और संस्कृत में राष्ट्र आराधना से ओतप्रोत गीत प्रस्तुत किए। निर्णायकों द्वारा गायन की प्रस्तुति का मूल्यांकन स्वर, ताल, उच्चारण, संगीत संयोजन और संपूर्ण प्रस्तुतीकरण के आधार पर किया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, नोएडा विभाग के विभाग संघचालक सुशील और विभाग प्रचारक चिरंजीव ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में सुशील ने बच्चों को संघ द्वारा बताए गए पंच परिवर्तन से अवगत कराया और उन्हें जीवन में आत्मसात करने का आग्रह किया। वहीं, चिरंजीव ने प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में ‘भारत को जानो और भारत का बनो’ की भावना विकसित होती है।
विद्यालय की निदेशिका कंचन ने अपने संबोधन में कहा कि भारत विकास परिषद् के कार्यक्रम विद्यार्थियों को न केवल सांस्कृतिक रूप से समृद्ध करते हैं, बल्कि उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना भी जागृत करते हैं।
ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल की निदेशिका नूतन भाटी ने संस्कृत में दिए अपने उद्बोधन में भारत विकास परिषद् से पूर्व में अपने जुड़ाव की चर्चा करते हुए इसे फिर से नवीनीकृत करने की बात कही। उन्होंने कहा कि राष्ट्रभक्ति गीतों के माध्यम से बच्चों के मन में देशप्रेम की भावना का जागरण हो रहा है।
दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल हिमा शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हर छात्र में न केवल उसका स्वयं का व्यक्तित्व होता है, बल्कि उसके माता-पिता, शिक्षक और मित्रों का भी प्रतिबिंब होता है। यही कारण है कि हर छात्र असीम क्षमता और शक्ति का प्रतीक है।
पश्चिम उत्तर प्रदेश प्रांत की भारत विकास परिषद् महासचिव मुक्ता अग्रवाल ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विवेकानंद शाखा के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि दस विद्यालयों की भागीदारी अपने आप में एक मिसाल है और आने वाले वर्षों में इससे अधिक विद्यालयों को जोड़ने की आशा है। उन्होंने एक वंचित विद्यार्थियों के समूह को हारमोनियम देने की घोषणा की, वहीं प्रोफेसर विवेक कुमार ने दूसरे वंचित समूह को ढोलक भेंट करने का संकल्प लिया।

प्रांतीय अध्यक्ष अंकुर अग्रवाल ने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल जीत-हार का मंच नहीं, बल्कि सीखने और आत्मविकास का अवसर है। उन्होंने वंचित समूहों को प्रतियोगिता में शामिल करने के लिए सभी आयोजकों की सराहना की।
प्रतियोगिता में रामाज्ञा स्कूल, नोएडा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि फादर एग्नेल स्कूल, ग्रेटर नोएडा द्वितीय स्थान पर रहा। तृतीय स्थान प्रज्ञान पब्लिक स्कूल, जेवर को प्राप्त हुआ। शैफाली पब्लिक स्कूल, दादरी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता का संचालन प्रोफेसर विवेक कुमार द्वारा किया गया। निर्णायक मंडल में डॉ. दिव्या मिश्रा, रूबी चौहान और दिनेश शर्मा शामिल रहे। गजानन माली ने प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को पुरस्कार राशि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया और हर वर्ष यह पुरस्कार जारी रखने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम की सफलता में नरेश गुप्ता, विवेक अरोरा, नीरज कौशिक, राजेंद्र सोनी, किसलय कुमार, शिखर गुप्ता, गगन मिश्रा, प्रेरणा, गुड्डी तोमर, नवनीता महेश, दुर्गेश खंडेलवाल सहित अनेक स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। इस आयोजन ने न सिर्फ विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना को प्रबल किया, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और प्रचार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भारत विकास परिषद, विवेकानंद शाखा द्वारा राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन । Photo Highlights
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।