जीएसटी सुधारों से उपभोक्ताओं को पूरा लाभ मिलना चाहिए : पीयूष गोयल

टेन न्यूज नेटवर्क

National News (4 सितम्बर 2025): केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत न्यूट्रावर्स एक्सपो 2025 को संबोधित करते हुए कहा कि हाल ही में घोषित जीएसटी सुधार व्यवसाय और उपभोक्ताओं दोनों के लिए परिवर्तनकारी सिद्ध होंगे। उन्होंने कहा कि न्यूट्रास्युटिकल्स उद्योग इन सुधारों का सबसे बड़ा लाभार्थी बनेगा क्योंकि जीएसटी दरों में कमी से उपभोक्ता मांग बढ़ेगी, उद्योग को अधिक बिक्री मिलेगी और बाजार में खपत को प्रोत्साहन मिलेगा।

केंद्रीय मंत्री गोयल ने उद्योग जगत से अपील की कि वे जीएसटी दर में कमी से हुई बचत का लाभ उपभोक्ताओं तक पूरी तरह पहुंचाएं। उन्होंने बताया कि नए ढांचे में कई श्रेणियों की दरें घटाकर 5 प्रतिशत कर दी गई हैं, जिससे उत्पाद सस्ते होंगे और मांग स्वतः बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि यह कदम न केवल व्यापार को गति देगा बल्कि उपभोक्ताओं को भी सीधे लाभान्वित करेगा।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर पीएम ने जिस “बड़ी खबर” का संकेत दिया था, वही अब जीएसटी सुधारों के रूप में सामने आई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन सुधारों में वस्तुओं और सेवाओं की व्यापक श्रृंखला को शामिल किया गया है, जिससे यह वास्तव में उपभोक्ताओं के लिए त्योहारी तोहफा साबित होगा।

वाणिज्य मंत्री ने उद्योग जगत से प्रधानमंत्री के प्रति दो मज़बूत प्रतिबद्धताओं के निर्वहन का आग्रह किया—पहला, बचत का हर रुपया उपभोक्ता तक पहुंचाना और दूसरा, भारतीय मिट्टी में बने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना। उन्होंने कहा कि भारत में बने उत्पाद केवल आर्थिक मूल्य नहीं बल्कि राष्ट्रीय गौरव और आत्मनिर्भरता का प्रतीक हैं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फर्क इस बात से नहीं पड़ता कि कंपनी भारतीय है या विदेशी, महत्वपूर्ण यह है कि वह भारत में निवेश करे, युवाओं को रोज़गार दे और देश के विकास में योगदान दे। उन्होंने बताया कि भारत की जीडीपी पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत बढ़ी है और वैश्विक उथल-पुथल के बावजूद भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बना हुआ है।

गोयल ने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2047 तक भारत की जीडीपी को 4 ट्रिलियन डॉलर से 30 ट्रिलियन डॉलर तक ले जाना है और इसके लिए 1.4 अरब भारतीयों की सामूहिक प्रतिबद्धता आवश्यक है। उन्होंने युवाओं की प्रतिभा, व्यापार सुगमता, कम कराधान और विश्वस्तरीय शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं को विकसित भारत की आधारशिला बताया।

उन्होंने न्यूट्रास्युटिकल्स उद्योग को स्वस्थ भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि हल्दी, अदरक और प्रोबायोटिक्स जैसे उत्पाद भारतीयों को गुणवत्तापूर्ण पोषण और स्वस्थ जीवन देंगे। यह क्षेत्र किसानों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को भी मजबूती देगा।

पीयूष गोयल ने अंत में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हर भारतीय के लिए सर्वोत्तम निवारक स्वास्थ्य देखभाल सुनिश्चित करना चाहते हैं और भारत न्यूट्रावर्स 2025 इस दिशा में उद्योग के सुनहरे भविष्य की शुरुआत साबित होगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।