थाना फेस-1 पुलिस ने दोपहिया वाहन चोर गिरोह का किया भंडाफोड़

टेन न्यूज नेटवर्क

NOIDA News (25/08/2025): थाना फेस-1 पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए दोपहिया वाहन (Two Wheelers) चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 15 वाहन बरामद किए हैं। इनमें 11 मोटरसाइकिल और 4 स्कूटी शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बंटी और नसीम उर्फ कंचन के रूप में हुई है। दोनों बदमाशों को झुंडपुरा बॉर्डर, सेक्टर-8 के पास से पकड़ा गया।

रेकी कर चुनते थे शिकार, फैक्ट्रियों और कॉलोनियों से करते थे चोरी

डीसीपी यमुना प्रसाद (DCP Yamuna Prasad) ने जानकारी देते हुए बताया कि बंटी इस गिरोह का सरगना है और उसके नेतृत्व में यह गैंग नोएडा सहित एनसीआर क्षेत्र (NCR) की रिहायशी कॉलोनियों, हाउसिंग सोसाइटियों और औद्योगिक क्षेत्रों में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। ये आरोपी पहले कंपनियों और कॉलोनियों के बाहर घंटों रेकी करते थे और मौका मिलते ही पार्क की गई मोटरसाइकिल या स्कूटी को निशाना बनाते थे।

वाहन चोरी के बाद उन्हें सुरक्षित ठिकानों पर छिपा दिया जाता था और कुछ समय बाद इन्हें कबाड़ियों या आम राहगीरों को बेहद सस्ते दामों पर बेच दिया जाता था। गिरोह द्वारा कमाई गई रकम को ये लोग अपनी व्यक्तिगत जरूरतों में खर्च कर देते थे।

चंद सेकेंड में तोड़ते थे लॉक, मास्टर चाबी से भी करते थे वारदात

पुलिस जांच में सामने आया है कि बंटी और नसीम लॉक तोड़ने में माहिर हैं। ये वाहन के लॉक को मात्र 5 से 10 सेकेंड में तोड़ देते थे। इतना ही नहीं, कई मामलों में ये मास्टर चाबी (Master Keys) का इस्तेमाल कर बिना लॉक तोड़े ही वाहन चालू कर फरार हो जाते थे। इनकी यह तजुर्बा उन्हें पुलिस से छिपते हुए लंबे समय तक चोरी की वारदातों को अंजाम देने में मदद करता रहा।

नोएडा और दिल्ली-एनसीआर से की गई थी अधिकतर चोरियां

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया है कि बरामद की गई अधिकांश बाइक और स्कूटी नोएडा, दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र से चुराई गई थीं। आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से ये वाहन बरामद किए गए हैं।

अपराधिक इतिहास भी रहा है संदिग्ध

गिरफ्तार बंटी और नसीम दोनों के खिलाफ पहले से ही 9-9 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इनकी गतिविधियों की जानकारी अन्य जिलों और राज्यों की पुलिस के साथ साझा कर रही है, ताकि यदि इनके खिलाफ और मामले दर्ज हों तो उन्हें भी उजागर किया जा सके। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और यह प्रयास किया जा रहा है कि चोरी के सभी मामलों का जल्द से जल्द खुलासा किया जा सके।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की बाइक या स्कूटी पिछले कुछ समय में चोरी हुई है, तो वह थाना फेस-1 में संपर्क कर सकता है। यदि उनके वाहन बरामद वाहनों में शामिल हैं तो उन्हें नियमानुसार सौंप दिया जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।