New Delhi News (23/08/2025): दिल्ली नगर निगम (MCD) में विपक्ष के नेता (LOP) अंकुश नारंग (Ankush Narang) ने शनिवार को निरंकारी ग्राउंड, बुरारी पहुंचकर कूड़े के अंबार को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने राज्य सरकार और भाजपा शासित नगर निगम दोनों पर दिल्ली की जनता को धोखा देने का आरोप लगाया। नारंग का कहना था कि जहां एक तरफ भाजपा सरकार “दिल्ली को कूड़े से आजादी” अभियान का प्रचार कर रही है, वहीं दूसरी तरफ साफ-सुथरे मैदानों को नए कूड़े के स्पॉट में बदल दिया जा रहा है।
“कूड़े का उद्घाटन करें सीएम और मेयर” – नारंग का तंज
अंकुश नारंग ने मीडिया से बातचीत में कटाक्ष करते हुए कहा कि वे अपने साथ दो नारियल लेकर आए हैं। एक निगम पार्षद राजा इकबाल सिंह (Raja Iqbal Singh) के लिए और दूसरा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) के लिए। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि वे दोनों आकर इस “नए कूड़े के पहाड़” का उद्घाटन करें और वे उनका स्वागत फूल-माला पहनाकर करेंगे। नारंग खुद दरी बिछाकर कूड़े के अंबार पर बैठे और वहां मौजूद प्लास्टिक, गाद और शिल्ट की गंदगी की ओर इशारा करते हुए इसे भाजपा सरकार की विफलता बताया।

दिल्ली को कूड़े से आजादी सिर्फ कागज़ी दिखावा
AAP नेता ने कहा कि भाजपा की कूड़े से आजादी अभियान केवल फोटोशॉप और कागजों में ही सीमित है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं को केवल प्रचार करना आता है, असली काम करना नहीं। उन्होंने कहा कि वह पहले भी दिल्ली सिविल लाइन जोन में कई जगह कूड़े के अंबार उजागर कर चुके हैं। मजलिस पार्क, वजीराबाद का रामघाट और अब निरंकारी ग्राउंड। उन्होंने दावा किया कि यह सब दिल्ली की जनता को गुमराह करने का तरीका है।
भाजपा पार्षद भी करने लगे विरोध
नारंग ने आगे कहा कि अब तो भाजपा के पार्षद भी नगर निगम की कार्यशैली से असंतुष्ट होकर खुलकर बोलने लगे हैं। दिल्ली नगर निगम के मेयर ने खुद पर्सनल स्टैंडिंग कमेटी में यह स्वीकार किया है कि राजधानी में जगह-जगह कूड़े के अंबार लगे हुए हैं। उन्होंने बताया कि साउथ, सेंट्रल और वेस्ट जोन के अलावा सिविल लाइन जोन में भी हालात बेहद खराब हैं।
मेयर के घर से 2 किलोमीटर के भीतर 3 कूड़े के पहाड़
अंकुश नारंग ने तंज कसते हुए कहा कि जब दिल्ली का मेयर अपने घर से महज दो किलोमीटर के दायरे को साफ नहीं रख सकता तो पूरे शहर को साफ करने का दावा कैसे कर सकता है। उन्होंने गिनाकर बताया कि राजा इकबाल सिंह के घर से दो किलोमीटर के अंदर मजलिस पार्क, रामघाट और अब निरंकारी ग्राउंड पर तीन बड़े कूड़े के अंबार मौजूद हैं। यह स्थिति भाजपा सरकार की असलियत दिखाती है।

“फोटो खिंचवाने की बजाय सफाई करें” – नारंग की मांग
विपक्ष के नेता ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे लोग केवल उन्हीं जगहों पर सफाई अभियान का दिखावा करते हैं, जहां पहले से ही सफाईकर्मी सड़कें साफ कर चुके होते हैं। इसके बाद भाजपा नेता वहां जाकर केवल फोटो खिंचवाते हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार और निगम अधिकारी ऐसे असली कूड़े के अंबारों पर सफाई अभियान चलाएं ताकि दिल्ली को वास्तव में स्वच्छ बनाया जा सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।