New Delhi News (06/08/2025): दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों मौसम तेजी से करवट बदल रहा है। कभी तेज धूप तो कभी हल्की फुहारें लोगों को राहत भी दे रही हैं और असमंजस में भी डाल रही हैं। मंगलवार को मौसम विभाग ने बारिश का अनुमान जताया था, लेकिन दिनभर राजधानी में धूप और बादलों की आंखमिचौली चलती रही, और बारिश नहीं हुई। हालांकि बुधवार के लिए मौसम विभाग ने गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है और इसके लिए विशेष अलर्ट भी जारी किया गया है।
तापमान में मामूली गिरावट, आज बारिश की उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री नीचे था। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और नमी का स्तर 85% से घटकर 68% पर आ गया। बुधवार को अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
पूरे हफ्ते रुक-रुक कर हो सकती है बारिश
भारतीय मौसम विभाग ने आगामी सप्ताह, यानी 11 अगस्त तक दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई है। 7 और 8 अगस्त को खासकर बारिश की गतिविधियों में तेजी देखी जा सकती है। इन दो दिनों में तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। बादलों की सक्रियता और समय-समय पर हल्की से मध्यम बारिश के कारण मौसम सुहावना बना रह सकता है।
दिल्ली-NCR में हवा की गुणवत्ता संतोषजनक
मौसम के साथ-साथ वायु गुणवत्ता में भी थोड़ा सुधार देखा गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, बुधवार सुबह 6:30 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 95 रहा, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। वहीं फरीदाबाद में 102, गुरुग्राम 110, गाजियाबाद 105, ग्रेटर नोएडा 111 और नोएडा में AQI 103 दर्ज किया गया। दिल्ली के अधिकांश इलाकों में AQI का स्तर 100 से नीचे बना हुआ है।
लोगों को राहत, पर सतर्कता जरूरी
बदलते मौसम से दिल्ली-एनसीआर के लोगों को तेज गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन अचानक बारिश और उमस भरे वातावरण से सतर्क रहने की जरूरत भी है। मौसम विभाग ने सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक निकलने से बचने की सलाह दी है, खासकर उन इलाकों में जहां जलजमाव की स्थिति बन सकती है। इसके साथ ही लगातार अपडेट्स पर ध्यान देने और आवश्यक एहतियात बरतने की अपील की गई है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।