मुख्यमंत्री योगी ने जेवर के किसानों से किया संवाद, समस्याओं का समाधान और विकास का आश्वासन
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (21 दिसंबर 2024): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार, 20 दिसंबर को लखनऊ में जेवर क्षेत्र के किसानों से सीधा संवाद किया। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के अंतिम चरण के लिए प्रभावित किसानों के मुद्दों को लेकर आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में लगभग 500 किसान शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने किसानों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और मौके पर ही प्रदेश के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने किसानों के मुआवजे में 1200 रुपये प्रति वर्ग मीटर की वृद्धि की घोषणा करते हुए इसे देश में अब तक का सबसे बड़ा मुआवजा वृद्धि बताया। साथ ही, उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी सभी लंबित समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।

विधानसभा भ्रमण के दौरान जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा, “जेवर के किसानों ने प्रदेश और देश के विकास में अपनी जमीन देकर ऐतिहासिक योगदान दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में यह क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।”
इसके बाद किसानों ने उत्तर प्रदेश विधानसभा का भ्रमण किया और अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए रवाना हुए। किसानों ने मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी समस्याओं को साझा करने और समाधान का आश्वासन मिलने पर गर्व और संतोष व्यक्त किया।
किसानों ने एक स्वर में कहा, “हमारी जमीन प्रदेश के विकास के लिए उपयोग में लाई जा रही है, यह हमारे लिए गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने हमारी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर हमें सशक्त महसूस कराया।”
यह संवाद और समाधान का कार्यक्रम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकासशील उत्तर प्रदेश के विजन का प्रतिबिंब है। जेवर क्षेत्र के किसानों का यह योगदान प्रदेश को विकास के पथ पर अग्रसर करने में अहम भूमिका निभाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।