नोएडा (16 जून 2025): भारतीय किसान संगठन (BKS) ने सोमवार को नोएडा के सेक्टर-19 स्थित सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन कर समाज में फैल रही अश्लीलता के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया। संगठन के सदस्यों ने गृह मंत्री अमित शाह के नाम एक ज्ञापन सौंपते हुए सोशल मीडिया और सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ती अश्लील गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अश्लील वीडियो और तस्वीरों का खुलेआम प्रसार हो रहा है, जिससे समाज में नैतिकता का ह्रास हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह न केवल सामाजिक मूल्यों को प्रभावित कर रहा है, बल्कि युवा पीढ़ी और बच्चों पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है।
राजेंद्र यादव ने आगे कहा, आजकल लोग सड़कों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर अश्लील वीडियो बनाकर इंटरनेट पर अपलोड कर रहे हैं, जिससे आम जनता खासकर महिलाओं और बच्चों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। प्रशासन को इस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए ऐसी गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही करनी चाहिए।
किसान नेताओं ने मांग की कि सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री साझा करने वालों पर आईटी एक्ट और अन्य संबद्ध धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर ऐसे वीडियो शूट करने वालों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत दंडित किया जाए। भारतीय किसान संगठन ने यह भी घोषणा की कि वह इस मुद्दे को लेकर देशव्यापी जागरूकता अभियान शुरू करेगा, जिससे समाज में नैतिकता और अनुशासन को पुनः स्थापित किया जा सके।
प्रदर्शन के मद्देनजर प्रशासन ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया था ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचा जा सके। पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे आंदोलन को और व्यापक स्तर पर ले जाने को मजबूर होंगे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।