नोएडा में योग का महोत्सव शुरू: ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ थीम पर सजा योग सप्ताह
टेन न्यूज़ नेटवर्क
गौतम बुद्ध नगर, (15 जून 2025): 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में गौतम बुद्ध नगर में 15 से 21 जून 2025 तक “योग सप्ताह” की शुरुआत जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने नोएडा स्टेडियम सेक्टर-21 से विधिवत रूप से की। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने कहा कि “योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का मार्ग है, जिसे जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है।”
उद्घाटन कार्यक्रम में डीएम सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों, विद्यार्थियों, एनसीसी, एनएसएस स्वयंसेवकों, योग संस्थाओं और सैकड़ों आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया। प्रशिक्षित योगाचार्यों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत सबको अभ्यास कराया और संवाद के माध्यम से योग के लाभ भी बताए।
कार्यक्रम की खास बात रही – योग जागरूकता पदयात्रा, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ना रहा।
डीएम ने अपने संबोधन में कहा कि इस वर्ष की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” केवल व्यक्ति नहीं बल्कि वैश्विक स्वास्थ्य और पर्यावरण संतुलन की भी बात करती है।
16 जून को खास आयोजन:
स्कूलों, महाविद्यालयों और मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम, ग्रेटर नोएडा में प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक योगाभ्यास और 8 बजे से 12 बजे तक विभिन्न प्रतियोगिताएं – पोस्टर, आशुभाषण, निबंध, प्रश्नोत्तर और रंगोली – आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम में आरोग्य इंडिया वेलनेस सेंटर द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। योग पर आधारित बुकलेट्स का भी वितरण किया गया।
कार्यक्रम में आयुष विभाग, आर्ट ऑफ लिविंग और अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों सहित लगभग 250 प्रतिभागियों की उपस्थिति रही।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।