रानी अहिल्याबाई होलकर त्रिशताब्दी पर महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन

ग्रेटर नोएडा (29 मई 2025): महान राष्ट्रनायिका, सामाजिक सुधारक एवं महिला सशक्तिकरण की प्रेरणा स्रोत रानी अहिल्याबाई होलकर की त्रिशताब्दी के अवसर पर गौतमबुद्ध नगर जिले की तीन प्रमुख नगर निकायों दादरी नगर पालिका, बिलासपुर नगर पंचायत एवं दनकौर नगर पंचायत में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों का प्रमुख उद्देश्य रानी अहिल्याबाई के जीवन एवं कार्यों से प्रेरणा लेकर नारी शक्ति के उत्थान को नई दिशा देना था।

दादरी में विमल शर्मा ने किया नारी शक्ति को नमन

दादरी नगर पालिका परिषद में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला सहकारी बैंक बागपत-मेरठ के चेयरमैन विमल शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि रानी अहिल्याबाई होलकर जी का जीवन भारत की नारी शक्ति के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विषम परिस्थितियों में न केवल प्रशासन चलाया बल्कि समाज सुधार के लिए अनेक प्रभावी कदम उठाए।

विमल शर्मा ने कहा, आज की नारी शक्ति रानी अहिल्याबाई के पदचिह्नों पर चलते हुए आत्मनिर्भर बनकर देश सेवा कर रही है। उनके कार्यकाल में मंदिरों का पुनर्निर्माण, सड़क और घाट निर्माण जैसे लोकहित कार्य हुए। विधवाओं के अधिकारों की रक्षा और दहेज प्रथा पर कठोर कानून बनाना उनकी दूरदर्शिता का परिचायक है।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गीता पंडित, अहिल्याबाई होलकर त्रिशताब्दी के जिला संयोजक धर्मेन्द्र कोरी, सतेन्द्र नागर, राजीव सिंघल, अखिलेश नागर, विनय शर्मा, राजनीति एवं सामाजिक कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

बिलासपुर में विधायक तेजपाल नागर ने किया रानी अहिल्याबाई के कार्यों का स्मरण

बिलासपुर नगर पंचायत में आयोजित महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम में दादरी विधायक मास्टर तेजपाल नागर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। उन्होंने रानी अहिल्याबाई को युग प्रवर्तक बताते हुए कहा कि वे न केवल एक सक्षम शासिका थीं बल्कि उन्होंने सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए महिलाओं के हित में अनेक क्रांतिकारी निर्णय लिए।

उन्होंने कहा, पति की मृत्यु के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और शासन को अपने सुशासन से एक नई ऊँचाई पर पहुँचाया। विधवाओं को संतान गोद लेने का अधिकार देना और महिलाओं की सुरक्षा के लिए कानून बनाना उनके साहसी निर्णयों का उदाहरण है।

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष लता संजय चेची, दीपक नागर, संजय चेची, राजीव सिंघल, पंकज कौशिक, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए।

दनकोर में क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर ने महिला सशक्तिकरण पर रखे विचार

दनकोर नगर पंचायत में भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने रानी अहिल्याबाई के जीवन संघर्ष और उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि एक साधारण किसान परिवार में जन्म लेकर उन्होंने रानी का पद सुशोभित किया और समाज के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

हरीश ठाकुर ने कहा, रानी अहिल्याबाई केवल शासन की प्रतीक नहीं थीं, बल्कि वे समाजिक सुधारों की जननी थीं। उन्होंने राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता के लिए जो कार्य किए, वे आज भी प्रासंगिक हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने भी महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए संसद में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण देकर ऐतिहासिक निर्णय लिया है।

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष राजवती दीपक सिंह, तरुण भारद्वाज, हरिदत्त शर्मा, ओमकार भाटी, अमित पंडित, संगीता रावल, बॉबी देवी, सीमा शर्मा, अंजना त्यागी, ममता शर्मा, अजीत मुखिया, मोनू गुर्जर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

गौतमबुद्ध नगर जिले के तीनों नगर निकायों में रानी अहिल्याबाई होलकर की त्रिशताब्दी पर आयोजित महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों में जनसहभागिता एवं जागरूकता की अभूतपूर्व झलक देखने को मिली। वक्ताओं ने रानी अहिल्याबाई के जीवन को आज की पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक बताते हुए उनके सिद्धांतों को आत्मसात करने की अपील की। इन आयोजनों ने यह सिद्ध कर दिया कि सशक्त नारी न केवल परिवार, समाज और राष्ट्र की रीढ़ होती है, बल्कि वह एक नई सामाजिक क्रांति की जननी भी बन सकती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।