रानी अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशताब्दी जयंती पर भव्य गोष्ठी का आयोजन

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (21 मई 2025): भारतीय जनता पार्टी, गौतमबुद्धनगर जिला कार्यालय पर आज मराठा साम्राज्य की महान रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में एक विचार गोष्ठी का आयोजन भव्य रूप में किया गया। यह आयोजन नारी सशक्तिकरण, सांस्कृतिक धरोहर और राष्ट्र सेवा की प्रेरणास्रोत रानी अहिल्याबाई होल्कर के जीवन और उनके योगदान को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे मेरठ के पूर्व सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता राजेन्द्र अग्रवाल। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने की, जबकि मंच संचालन एवं समन्वयन की ज़िम्मेदारी कार्यक्रम संयोजक सतेंद्र नागर ने निभाई।

पूर्व सांसद राजेन्द्र अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में रानी अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, उनके संघर्षों और समाज के प्रति उनके योगदान को स्मरण करते हुए कहा, रानी अहिल्याबाई न केवल मराठा साम्राज्य की एक योग्य प्रशासक थीं, बल्कि वे सामाजिक न्याय, धार्मिक समरसता और महिला सशक्तिकरण की जीवंत प्रतीक भी थीं। उन्होंने बताया कि अहिल्याबाई का जन्म 31 मई 1725 को महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले के चोंडी गाँव में हुआ था। उस समय कन्याओं को शिक्षा से वंचित रखा जाता था, लेकिन उनके पिता मंकोजी राव शिंदे ने समाज की परंपराओं के विपरीत जाकर उन्हें शिक्षित किया।

रानी अहिल्याबाई का शासनकाल 1767 से 1795 तक रहा, जिसमें उन्होंने कई मंदिरों का जीर्णोद्धार, कुएँ, सड़कों, धर्मशालाओं का निर्माण, और जनकल्याण के अनेक कार्य करवाए। केदारनाथ से लेकर काशी विश्वनाथ तक भारत के प्रमुख तीर्थ स्थलों पर उन्होंने सेवा कार्य किए। उन्होंने काशी में श्रीराम पंचायतन (भगवान राम, सीता, लक्ष्मण, शत्रुघ्न और हनुमान जी की प्रतिमाओं सहित) का निर्माण करवाया, जो आज भी उनकी धर्मपरायणता और राष्ट्र सेवा की भावना का प्रतीक हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा, अहिल्याबाई जी का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणा है। उनकी जयंती पर पूरे देश में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि युवा वर्ग उनके त्याग, निष्ठा और सेवा भाव को समझ सके। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि महिला सशक्तिकरण के तहत दौड़, सांस्कृतिक कार्यक्रम, रंगोली प्रतियोगिता जैसी रचनात्मक गतिविधियाँ स्कूल-कॉलेज स्तर पर आयोजित की जा रही हैं।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे, जिनमें अधिवक्ता, चिकित्सक, पत्रकार, इंजीनियर, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता तथा स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएँ शामिल थे। सभी ने रानी अहिल्याबाई के जीवन से प्रेरणा लेने और उनके सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में विशिष्ट रूप से उपस्थित गणमान्यजनों में सुभाष भाटी (नगर पालिका अध्यक्ष), गीता पंडित (जिला महामंत्री), दीपक भारद्वाज, मनोज गर्ग, धर्मेन्द्र कोरी (जिला कार्यक्रम संयोजक), रजनी तोमर (मीडिया प्रभारी), अश्वनी गोयल, सरदीप नागर, चंद्रमणि भारद्वाज, वीरेन्द्र भाटी, रवि जिंदल (किसान मोर्चा), विमल पुंडीर (युवा मोर्चा), राज नागर, पंकज रावल, गुरुदेव भाटी, ओमकार भाटी, इन्द्र नागर, अर्पित तिवारी, मनोज भाटी, राजीव सिंघल, धर्मेन्द्र शर्मा, प्रभा कुशवाह, दीपक चेयरमैन, यतेन्द्र नागर, राजू भाटी, अखिलेश नागर, गजेंद्र वाल्मीकि, हरीदत्त शर्मा, ठाकुर हरपाल, अशोक रावल, अर्पणा सिंह, विजय रावल, श्यामवीर भाटी, मनोज प्रधान सहित सैकड़ों लोग सम्मिलित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार प्रकट करते हुए संयोजक सतेंद्र नागर ने कहा कि रानी अहिल्याबाई होल्कर का जीवन आज के भारत के लिए सामाजिक समरसता, नारी उत्थान और सेवा के आदर्श मूल्यों की मिसाल है। ऐसे आयोजन निरंतर होते रहें, यह सभी का सामूहिक उत्तरदायित्व है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।