भगवान परशुराम जन्मोत्सव समारोह धूमधाम से संपन्न, सामाजिक एकता व शिक्षा पर विशेष जोर

टेन न्यूज़ नेटवर्क

टेन न्यूज़ नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (05 मई 2025): ब्राह्मण सभा, ग्रेटर नोएडा द्वारा भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव समारोह का भव्य आयोजन 4 मई, शनिवार को दा रॉयल हैबिटेट सेंटर में बड़े हर्षोल्लास और धार्मिक आस्था के साथ किया गया। इस विशेष अवसर पर गौतमबुद्ध नगर भाजपा के जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि शिक्षक एमएलसी श्रीचंद शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम में इस्कॉन मंदिर, गाजियाबाद के दासानुदास सेवा निष्ठ शिव कुमार शर्मा ने मुख्य प्रवचनकर्ता की भूमिका निभाई।

कार्यक्रम का संचालन बड़े ही प्रभावशाली और काव्यात्मक अंदाज में संयोजक एवं प्रसिद्ध कवि एडवोकेट मुकेश शर्मा ने किया। समारोह का शुभारंभ भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान उपस्थित सभी वक्ताओं ने भगवान परशुराम के जीवन से जुड़े सिद्धांतों और उनके आदर्शों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान परशुराम समस्त मानव समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। वे केवल एक जाति के नहीं, बल्कि सभी सनातनियों के पूज्य हैं। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर उनके सिद्धांतों पर चलना चाहिए। उन्होंने सभी हिंदुओं से एकजुट होकर भगवान परशुराम जैसे महान चरित्रों से प्रेरणा लेने का आग्रह किया।

शिक्षक एमएलसी श्रीचंद शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज का मुख्य धर्म शिक्षा है, भिक्षा नहीं। ब्राह्मणों को ज्ञान प्राप्त करना और उसे समाज में बांटना चाहिए। उन्होंने इतिहास के पन्नों से उदाहरण देते हुए बताया कि जब-जब समाज संकट में आया है, ब्राह्मण समाज ने अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने भगवान परशुराम के क्षत्रियों से संबंध का उदाहरण देते हुए बताया कि वे भगवान राम के गुरु थे और अधर्मी राजाओं के विरुद्ध संघर्ष कर प्रजा को मुक्ति दिलाई थी।

मुख्य प्रवचनकर्ता शिव कुमार शर्मा ने भगवान श्रीकृष्ण के उपदेशों के माध्यम से समाज के प्रति ब्राह्मणों के कर्तव्यों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि जीवन में धर्म के मार्ग पर चलकर ही समाज में स्थायित्व और शांति लाई जा सकती है।

कार्यक्रम में संयोजक मुकेश शर्मा ने अपने भावपूर्ण काव्य पाठ के माध्यम से सभी को जीवन के मूल्यों और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उन्होंने कहा, “जहां याद ना आए वह तन्हाई किस काम की, जिस मंजिल की ऊंचाई तक जाना हो अगर वहां से अपने ना दिखाई दें तो वह ऊंचाई किस काम की।”

 

समारोह में बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें भगवान परशुराम के जीवन प्रसंगों का सुंदर चित्रण किया गया।

ब्राह्मण सभा, ग्रेटर नोएडा के अध्यक्ष पंडित सुरेश चंद्र पचौरी ने बताया कि यह आयोजन समाज में एकता, शिक्षा और धार्मिक मूल्यों की स्थापना के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन होते रहेंगे।

समारोह में पंडित नाम चंद शर्मा ‘अटल’, पंडित धन प्रकाश शर्मा, पंडित कुलदीप शर्मा, देवी शरण शर्मा, मुख्य संयोजक जीपी गोस्वामी , डॉक्टर आरती शर्मा , ममता तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर आरती शर्मा एवं जी पी गोस्वामी ने किया | संस्था। ने इस आयोजन के द्वारा ब्राह्मण समाज को एक नई दिशा देने और सांस्कृतिक चेतना को जागृत करने का कार्य किया।।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।