नई दिल्ली (13 दिसंबर 2024): जापान के भारत में राजदूत, ओनो केइइची ने आज दिल्ली मेट्रो प्रणाली का दौरा किया। इस दौरान दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार भी उनके साथ मौजूद थे। राजदूत ने सेंट्रल सेक्रेटेरियट से चावड़ी बाजार तक मेट्रो की यात्रा की।
अपनी यात्रा के दौरान मेट्रो की विभिन्न सुविधाओं पर गहरी रुचि दिखाई। उन्होंने महिला यात्रियों के लिए आरक्षित कोच, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, चालक रहित ट्रेनों और अन्य अत्याधुनिक तकनीकों का निरीक्षण किया। इसके अलावा, उन्होंने फेज-4 के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली।
उन्होंने दिल्ली मेट्रो के बेहतरीन काम की सराहना करते हुए इसे भारत और जापान के बीच शानदार सहयोग का प्रतीक बताया। उनकी यात्रा का समापन पटेल चौक मेट्रो संग्रहालय के दौरे के साथ हुआ।

गौरतलब है कि दिल्ली मेट्रो परियोजना भारत-जापान सहयोग का प्रतीक है। जापान सरकार (जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी – JICA) ने इस परियोजना को शुरू से ही आर्थिक मदद दी है और वर्तमान में फेज-4 के निर्माण कार्य के लिए भी फंडिंग कर रही है।
दिल्ली मेट्रो के इस दौरे ने न केवल भारत-जापान की मित्रता को और मजबूती दी है, बल्कि आधुनिक परिवहन प्रणाली में दोनों देशों की साझेदारी को भी उजागर किया है।।
टिप्पणियाँ बंद हैं।