विदेशी धरती से चुनाव आयोग पर हमलावर हुए राहुल गांधी, लगाए गंभीर आरोप!

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (21 अप्रैल 2025): लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अमेरिका के बोस्टन शहर में एक कार्यक्रम के दौरान भारतीय चुनाव आयोग पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि भारत का चुनाव आयोग अब निष्पक्ष नहीं रह गया और सिस्टम में गहरी गड़बड़ी है। राहुल गांधी ने दावा किया कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान वयस्कों की कुल संख्या से अधिक लोगों ने मतदान किया, जो बेहद चौंकाने वाला आंकड़ा है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ समझौता बताया।

मतदान आंकड़ों में गड़बड़ी का आरोप

राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव आयोग ने शाम 5:30 बजे तक मतदान के आंकड़े दिए, लेकिन उसके बाद सिर्फ दो घंटे में 65 लाख लोगों के मतदान का दावा किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब एक मतदाता को औसतन 3 मिनट लगते हैं तो इतने बड़े पैमाने पर मतदान केवल दो घंटे में होना असंभव है। उनका कहना था कि इस आंकड़े का मतलब यह होगा कि मतदान सुबह 2 बजे तक चलता रहा, लेकिन ऐसा कोई दृश्य कहीं नहीं देखा गया।

वीडियोग्राफी की मांग पर कानून में बदलाव

इस संदिग्ध आंकड़े पर सवाल उठाने के बाद राहुल गांधी ने चुनाव आयोग से उस अवधि की वीडियोग्राफी की मांग की थी। उन्होंने कहा कि आयोग ने न सिर्फ उनकी मांग ठुकरा दी, बल्कि नियमों में बदलाव कर ऐसा अनुरोध दोबारा करने की गुंजाइश भी खत्म कर दी। राहुल ने इसे लोकतंत्र के खिलाफ साजिश करार दिया और कहा कि यह सब जनता के अधिकारों को दबाने की एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।