भाजपा जिला कार्यालय पर संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर अहम बैठक संपन्न
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (18 अप्रैल 2025): भारतीय जनता पार्टी के गौतमबुद्धनगर जिला कार्यालय पर आज एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियों और उनकी कार्य योजना को लेकर आयोजित की गई, जिसमें जिले के सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मोर्चा अध्यक्ष, प्रकोष्ठ संयोजक एवं वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने की, जबकि संचालन का दायित्व जिला महामंत्री धर्मेन्द्र कोरी एवं जिला उपाध्यक्ष पवन नागर ने निभाया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि भाजपा हमेशा से संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के विचारों को आत्मसात कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास करती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने अतीत में अंबेडकर जी के योगदान की उपेक्षा की और उन्हें न सिर्फ पहले मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया, बल्कि लोकसभा चुनावों में हराने हेतु षड्यंत्र भी रचे।
उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती के अवसर पर दादरी व जेवर विधानसभा के प्रत्येक बूथ पर विशेष कार्यक्रम आयोजित कर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसी क्रम में आगामी 20 अप्रैल 2025 को GNIOT कॉलेज, नॉलेज पार्क, ग्रेटर नोएडा में एक जिला स्तरीय गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अनुसूचित वर्ग के लोगों की विशेष भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
इस कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए पार्टी द्वारा जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें कार्यकर्ता घर-घर जाकर बाबा साहेब के विचारों और कार्यों से जनता को अवगत करवा रहे हैं।
इसके साथ ही जिलाध्यक्ष ने ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ की अवधारणा को लेकर भी जनजागरण अभियान चलाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वक्फ संशोधन कानून को लेकर विपक्षी दल, विशेष रूप से समाजवादी पार्टी और कांग्रेस, जनता के बीच भ्रम फैला रहे हैं। इन भ्रांतियों को दूर करने के लिए भाजपा कार्यकर्ता वक्फ सुधार जनजागरण अभियान के माध्यम से सच्चाई जनता तक पहुंचाएंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता सुभाष भाटी, जिला महामंत्री दीपक भारद्वाज, मनोज गर्ग, कार्यक्रम संयोजक धर्मेन्द्र कोरी, जिला उपाध्यक्ष देवा भाटी, सुनील भाटी, सतेन्द्र नागर, मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य, पवन रावल, सत्यपाल शर्मा, गुरुदेव भाटी, वीरेन्द्र भाटी, विकास चौधरी, अमित पंडित, अरुण प्रधान, अर्पित तिवारी, राजीव सिंघल, सांसद प्रतिनिधि बलराज भाटी, सतपाल तालान, धर्मेन्द्र भाटी, इंदर नागर, कपिल गुर्जर, इंदरजीत टाइगर, दिनेश भाटी, रजनी तोमर, युवा मोर्चा अध्यक्ष राज नागर, ओमकार भाटी समेत सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में सभी पदाधिकारियों को आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा सौंपी गई और कार्यों के सफल आयोजन हेतु दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।