‘नोएडा 50’ का साल उत्सवों और समाधान का होगा: सीईओ डॉ. लोकेश एम | Noida Authority

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (17 अप्रैल 2025): नोएडा के स्वर्ण वर्ष में प्रवेश के पावन अवसर पर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. लोकेश एम (Dr Lokesh M) ने मीडिया से खास बातचीत की। उन्होंने बताया कि नोएडा ने 49 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं और अब 50वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। 17 अप्रैल 1976 को नोएडा की स्थापना हुई थी और इस ऐतिहासिक पड़ाव को ‘नोएडा 50’ के नाम से विशेष रूप से मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे वर्षभर हर महीने कोई न कोई इवेंट आयोजित किया जाएगा ताकि बीते 50 वर्षों की विकास यात्रा और उपलब्धियों को उत्सव के रूप में मनाया जा सके।

डॉ. लोकेश एम ने बताया कि नोएडा प्राधिकरण जनता से सीधा संवाद कर विकास से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने की दिशा में सक्रिय प्रयास करेगा। विशेष रूप से गांवों की समस्याओं को लेकर उन्होंने कहा कि नोएडा में 80 गांव हैं जहां जनसंख्या में वृद्धि के साथ कई समस्याएं उत्पन्न हुई हैं, जैसे कि सीवेज, नाले और अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़ी चुनौतियां। इन समस्याओं को सुलझाने के लिए एक गजेटेड अधिकारी को नामित किया जाएगा जो किसानों से संवाद कर समाधान की दिशा में कार्य करेगा।

मध्यमवर्गीय और कम आमदनी वाले लोगों के लिए खुशखबरी देते हुए सीईओ ने बताया कि नोएडा प्राधिकरण “लो इनकम ग्रुप हाउसिंग योजना” को जल्द ही लागू करने जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य उन लोगों को सस्ता और सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराना है जो लंबे समय से इसका इंतजार कर रहे थे।

इसी के साथ भंगेल एलिवेटेड कॉरिडोर को लेकर भी उन्होंने अहम जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह परियोजना अगले एक से डेढ़ महीने में पूरी हो जाएगी जिससे यातायात की समस्या में काफी राहत मिलेगी। डियर पार्क को लेकर उन्होंने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय से सभी जरूरी क्लीयरेंस प्राप्त हो चुके हैं और आगामी दो से तीन महीनों में मैपिंग का कार्य पूरा कर इसके निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी जाएगी।

कुल मिलाकर, नोएडा अपने स्वर्ण जयंती वर्ष को न केवल जश्न के रूप में बल्कि जनसरोकार, संवाद और समाधान के वर्ष के रूप में मनाने की तैयारी में है। सीईओ डॉ. लोकेश एम के नेतृत्व में यह वर्ष नोएडा के विकास की नई इबारत लिखने वाला साबित हो सकता है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।