ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए बढ़ाए कदम

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा, (24 मार्च 2025): ग्रेटर नोएडा के उद्यमियों की समस्याओं को हल करने के लिए प्राधिकरण ने सक्रिय पहल शुरू की है। ग्रेटर नोएडा औद्योगिक क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर अब अधिकारियों की उद्यमियों और उनके संगठनों के साथ नियमित बैठकें होंगी। इसी कड़ी में पहली बैठक सोमवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय में एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस बैठक में ओएसडी नवीन कुमार सिंह की उपस्थिति में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए), ग्रेटर नोएडा के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और अपनी मांगें रखीं।

बैठक के दौरान उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को बेहतर करने की मांग उठाई, जिस पर एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने वरिष्ठ प्रबंधक स्वास्थ्य सन्नी यादव को निर्देश दिए कि वे औद्योगिक सेक्टरों का दौरा कर सफाई व्यवस्था को सुधारें। इसके अलावा, उद्यमियों ने सूरजपुर-कासना रोड की मरम्मत को लेकर भी चिंता जाहिर की। परियोजना विभाग की ओर से उन्हें जानकारी दी गई कि इस रोड की मरम्मत जल्द कराई जाएगी और इसकी टेंडर प्रक्रिया चल रही है।

बैठक में गांवों के सीवर कनेक्शन की मांग भी उठाई गई, ताकि गांवों से जुड़े औद्योगिक क्षेत्रों में सीवर की समस्या न हो। इस पर प्राधिकरण ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया। अन्य मांगों पर भी नियमानुसार कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया गया। एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और उनके साथ नियमित बैठकें कर समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

इस बैठक में वरिष्ठ प्रबंधक मनोज सचान, उद्योग विभाग के प्रबंधक अरविंद मोहन सिंह, आईआईए के राष्ट्रीय सचिव विशारद गौतम, आईआईए ग्रेटर नोएडा चैप्टर के चेयरमैन राकेश बंसल, जेड रहमान, मुकेश गुप्ता, अमित शर्मा, चंचल कुमार, रविंदर सिरोही सहित कई उद्यमी मौजूद रहे।।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।