शारदा विश्वविद्यालय और अस्पताल में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (15/08/2026): ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित शारदा विश्वविद्यालय और शारदा अस्पताल परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय प्रबंधन, शिक्षक, कर्मचारी, चिकित्सक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत शारदा विश्वविद्यालय के चांसलर पीके गुप्ता, प्रो चांसलर वाई.के. गुप्ता, वाइस चांसलर डॉ. सिबाराम खारा तथा अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुई। तिरंगा फहराते ही पूरा परिसर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रगान की गूंज से वातावरण में देशप्रेम का संचार हो गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने हिंदी कविताओं और टॉक शो के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद किया। इसके साथ ही वर्तमान समय की सामाजिक समस्याओं पर आधारित नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए देश को स्वच्छ और बेहतर बनाने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका का संदेश दिया गया।

आजादी का महत्व समझाया

समारोह को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के चांसलर पीके गुप्ता ने स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारियों और सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश को आजादी लंबे संघर्ष और असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के बाद मिली है। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा भारत का भविष्य हैं और उन्हें अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए देश के विकास में सक्रिय योगदान देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को हमेशा याद रखने और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

देश के विकास में योगदान देने का आह्वान

एयर मार्शल संजीव कपूर (सेवानिवृत्त), एवीएसएम, वीएम ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 15 अगस्त का दिन देशवासियों को आजादी की कीमत और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1947 में महान नेताओं और स्वतंत्रता सेनानियों के लंबे संघर्ष के बाद भारत स्वतंत्र हुआ। भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद और महात्मा गांधी जैसे महान व्यक्तित्वों के संघर्ष और बलिदान से हमें देश के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने छात्रों से देश के विकास में अपनी भूमिका तय करने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा, स्वच्छता, तकनीकी प्रगति और सामाजिक जिम्मेदारी के माध्यम से प्रत्येक नागरिक राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सकता है।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा। कार्यक्रम में प्रो चांसलर वाई.के. गुप्ता, वाइस चांसलर डॉ. सिबाराम खारा, रजिस्ट्रार विवेक गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, कर्मचारी, चिकित्सक, फैकल्टी सदस्य और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और देश के प्रति कर्तव्य की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।