योगी सरकार का बड़ा फैसला: पूरे लखनऊ जिले तक बढ़ेगा लखनऊ विकास प्राधिकरण का दायरा

टेन न्यूज नेटवर्क

Lucknow News (25/11/2026): उत्तर प्रदेश में शहरी और क्षेत्रीय विकास को नई गति देने के लिए योगी सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाने की तैयारी की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की समीक्षा बैठक में लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का दायरा बढ़ाकर पूरे जिले को इसके अंतर्गत लाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही बाराबंकी में नए विकास प्राधिकरण के गठन की प्रक्रिया तेज करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के अन्य विकास प्राधिकरणों की सीमाओं का भी आवश्यकतानुसार विस्तार करने पर जोर दिया।

बैठक में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे कॉरिडोर के आसपास सुनियोजित विकास को लेकर भी अहम निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने इस क्षेत्र के विकास की योजना को उन्नाव-शुक्लागंज विकास प्राधिकरण के अंतर्गत शामिल कर तेजी से आगे बढ़ाने को कहा। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस-वे कॉरिडोर का एकीकृत विकास प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों, निवेश और आर्थिक संभावनाओं को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

गाजियाबाद में बनेगा 40 हजार दर्शक क्षमता वाला क्रिकेट स्टेडियम

मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम विकसित करने की योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। प्रस्तावित स्टेडियम में 35 से 40 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। इसके लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) संयुक्त रूप से निर्माण की संभावनाओं का अध्ययन करेंगे। मुख्यमंत्री ने रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल के आधार पर इसकी विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

क्षेत्रीय विकास योजना-2051 को 30 नवंबर तक तैयार करने का लक्ष्य

बैठक में उत्तर प्रदेश राज्य राजधानी क्षेत्र की जीआईएस आधारित क्षेत्रीय योजना-2051 की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने इसका प्रारूप 30 नवंबर तक तैयार करने और निर्धारित समयसीमा में योजना को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। साथ ही, योजना को लेकर आम नागरिकों से प्राप्त आपत्तियों और सुझावों का पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

क्षेत्रीय विकास की इस योजना में अलग-अलग जिलों की भौगोलिक परिस्थितियों, जरूरतों और आर्थिक संभावनाओं के अनुरूप विकास का खाका तैयार करने की बात कही गई। इसके तहत लखनऊ में शहरी सुविधाओं के विस्तार और आपदा प्रबंधन क्षमता को मजबूत करने, रायबरेली में विनिर्माण एवं रक्षा इंजीनियरिंग, उन्नाव में औद्योगिक विस्तार और बाराबंकी में कृषि आधारित उद्योगों व ईको-टूरिज्म को प्राथमिकता दी जाएगी।

इसी तरह हरदोई में संडीला औद्योगिक कॉरिडोर के विकास और सीतापुर में नैमिषारण्य को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसका उद्देश्य क्षेत्रीय संसाधनों और आर्थिक संभावनाओं का बेहतर उपयोग करते हुए संतुलित विकास को बढ़ावा देना है।

विकास प्राधिकरणों में खाली पदों पर जल्द होगी भर्ती

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी विकास प्राधिकरणों में रिक्त पदों को जल्द भरने के निर्देश दिए। उन्होंने शहरी नियोजन की गुणवत्ता सुधारने के लिए प्रत्येक विकास प्राधिकरण में स्थायी टाउन प्लानर की नियुक्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शहरीकरण को केवल आवासीय विस्तार तक सीमित न रखते हुए आधारभूत सुविधाओं, औद्योगिक विकास, कनेक्टिविटी और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाएं तैयार की जाएं। योगी सरकार की इन पहलों का उद्देश्य प्रदेश में सुनियोजित शहरीकरण और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को गति देना है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।