दिल्ली के पार्कों में स्कूल कर सकेंगे सिर्फ 1 रुपये में पिकनिक, DDA ने शुरू की नई बुकिंग नीति

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (25 November 2026): दिल्ली में अब सरकारी और निजी स्कूलों को शैक्षणिक एवं मनोरंजक गतिविधियों के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) के चयनित पार्कों में जगह बुक कराने के लिए महज 1 रुपये खर्च करने होंगे। DDA ने राजधानी के पार्कों और हरित क्षेत्रों को आम लोगों, संस्थानों और विभिन्न संगठनों के लिए अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से नई सिंगल विंडो ऑनलाइन पार्क बुकिंग नीति शुरू की है। इस नीति के तहत स्कूलों को पिकनिक, पेंटिंग, फोटोग्राफी, वाद-विवाद प्रतियोगिता और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के आयोजन के लिए विशेष रियायत दी गई है। वहीं, अन्य संस्थान और नागरिक योग, मेडिटेशन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, फिल्म शूटिंग, प्रदर्शनियों और निजी आयोजनों के लिए निर्धारित शुल्क देकर पार्क बुक कर सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को कक्षा से बाहर सीखने और लोगों को प्रकृति के बीच विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने का अवसर देना है।

DDA की नई नीति के तहत दिल्ली के कुल 17 पार्कों को बुकिंग के लिए चिह्नित किया गया है। इनमें रोहिणी का स्वर्ण जयंती पार्क और चित्रगुप्त पार्क, हरि नगर का जी-8 लेक पार्क, पश्चिम विहार का डिस्ट्रिक्ट पार्क, पीतमपुरा के संदेश विहार और लेक पार्क, द्वारका के डिस्ट्रिक्ट पार्क, इंद्रप्रस्थ पार्क, संजय लेक, असिता यमुना रिवरफ्रंट, कोरोनेशन पार्क, आस्था कुंज, हौज खास पार्क, बांसरा और महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क शामिल हैं। इन पार्कों को उनकी क्षमता और सुविधाओं के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है। पार्कों में 4,000 वर्ग मीटर तक की जगह बुक कराने के लिए श्रेणी A1 में 3,000 रुपये, A2 में 5,000 रुपये और A3 में 6,000 रुपये प्रतिदिन शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं, 4,000 से 8,000 वर्ग मीटर तक की जगह के लिए यह शुल्क 6,000 से 12,000 रुपये और 8,000 से 12,000 वर्ग मीटर तक के क्षेत्र के लिए 9,000 से 18,000 रुपये प्रतिदिन तक होगा। इन शुल्कों पर नियमानुसार GST अतिरिक्त देना होगा।

इस नीति के तहत पार्कों में योग और ध्यान सत्र, नेचर वॉक, हेरिटेज वॉक, कविता पाठ, पुस्तक चर्चा, साहित्यिक महोत्सव, कला एवं शिल्प प्रदर्शनियां, कार्यशालाएं, शैक्षणिक कार्यक्रम और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जा सकेंगी। हालांकि, DDA ने कुछ गतिविधियों पर प्रतिबंध भी लगाया है। पार्कों में राजनीतिक कार्यक्रम और शादी समारोह आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, बुकिंग के दौरान शराब के सेवन की अनुमति केवल उन्हीं स्थानों पर दी जाएगी, जहां इसके लिए आवेदन में स्पष्ट जानकारी दी गई हो और DDA की ओर से लिखित मंजूरी प्रदान की गई हो। आयोजकों को संबंधित विभागों से जरूरी लाइसेंस और अनुमतियां भी प्राप्त करनी होंगी। इसके अलावा असिता और महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क जैसे पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष नियम लागू रहेंगे। रिज और संरक्षित वन क्षेत्रों में गतिविधियां केवल सूर्योदय से सूर्यास्त तक ही आयोजित की जा सकेंगी।

DDA ने अलग-अलग पार्कों और स्थानों के लिए विशेष बुकिंग शुल्क भी तय किए हैं। सराय काले खां स्थित बांसरा में कैफे टेरेस के पास 840 वर्ग मीटर का लॉन गैर-व्यावसायिक आयोजन के लिए 10 हजार रुपये प्रतिदिन में उपलब्ध होगा, जबकि इसके लिए 15 हजार रुपये की रिफंडेबल सिक्योरिटी जमा करनी होगी। यहां करीब 12 हजार वर्ग मीटर में फैला ग्रीन एरिया टेबल टॉप प्लेटो गैर-व्यावसायिक गतिविधियों के लिए 2.5 लाख रुपये प्रतिदिन में बुक किया जा सकेगा। वहीं, महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क के चारबाग क्षेत्र में कुतुब खान मकबरे के पास 14,200 वर्ग मीटर की जगह गैर-व्यावसायिक आयोजन के लिए 3 लाख रुपये प्रतिदिन और व्यावसायिक आयोजन के लिए 5 लाख रुपये प्रतिदिन की दर से उपलब्ध होगी। इसी तरह ITO स्थित असिता के वाटर बॉडी लॉन का शुल्क 30 हजार रुपये प्रतिदिन निर्धारित किया गया है। आयोजनों से पहले और बाद में GPS टैग की गई तस्वीरें भी ली जाएंगी, ताकि पार्कों की स्थिति और पर्यावरण को हुए नुकसान की निगरानी की जा सके।

नई व्यवस्था के तहत पार्कों की बुकिंग प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाने के लिए DDA की वेबसाइट से जुड़ा एक केंद्रीकृत ऑनलाइन पोर्टल उपलब्ध कराया जाएगा। इस पोर्टल पर आवेदकों को पार्कों की उपलब्धता, आयोजन स्थल की क्षमता, निर्धारित शुल्क और भुगतान से संबंधित पूरी जानकारी मिल सकेगी। अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के निर्देशों के तहत शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य राजधानी के पार्कों को केवल घूमने-फिरने की जगह तक सीमित न रखकर उन्हें शिक्षा, कला, संस्कृति और सामुदायिक गतिविधियों का केंद्र बनाना है। खास बात यह है कि स्कूलों को सिर्फ 1 रुपये में पार्क उपलब्ध कराने का फैसला बच्चों के लिए खुले वातावरण में सीखने और मनोरंजन के नए अवसर पैदा कर सकता है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।