UP में 2,900 करोड़ की बड़ी फैक्ट्री का शिलान्यास, CM योगी बोले- मेरठ बनेगा नया औद्योगिक केंद्र
टेन न्यूज नेटवर्क
Uttar Pradesh News (25/11/2026): उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने की दिशा में एक और बड़ी पहल हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मेरठ के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर में वैश्विक कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन (Ball Corporation) की प्रस्तावित विनिर्माण इकाई का शिलान्यास किया। 2,900 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से स्थापित होने वाली इस फैक्ट्री में एल्युमिनियम बेवरेज कैन यानी पेय पदार्थों के कैन का उत्पादन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से मेरठ को नई औद्योगिक पहचान मिलेगी और हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मेरठ की पहचान अब तक खेल उद्योग, खेल सामग्री निर्माण और पारंपरिक कारोबार के लिए रही है, लेकिन आने वाले समय में यह आधुनिक विनिर्माण और बड़े औद्योगिक निवेश के केंद्र के रूप में भी उभरेगा। बॉल कॉर्पोरेशन की यह परियोजना पश्चिमी उत्तर प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को विस्तार देने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्रदान करेगी। फैक्ट्री के संचालन से न केवल बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे, बल्कि स्थानीय लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME), पैकेजिंग, परिवहन, लॉजिस्टिक्स और रीसाइक्लिंग क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों को भी लाभ मिलेगा।
बेहतर कनेक्टिविटी से निवेश और कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरठ की भौगोलिक स्थिति और बेहतर होती परिवहन सुविधाएं इसे औद्योगिक निवेश के लिए महत्वपूर्ण स्थान बनाती हैं। नमो भारत रैपिड रेल, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे के माध्यम से मेरठ की दिल्ली-एनसीआर सहित अन्य प्रमुख क्षेत्रों से कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है। इसके अतिरिक्त यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) का औद्योगिक क्षेत्र, जेवर में विकसित हो रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और ईस्टर्न-वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर जैसी सुविधाएं उद्योगों के लिए माल की आवाजाही और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच को आसान बनाएंगी।
उन्होंने कहा कि देश में सॉफ्ट ड्रिंक, जूस, एनर्जी ड्रिंक और अन्य पैकेज्ड पेय पदार्थों की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में मेरठ में एल्युमिनियम कैन निर्माण की इकाई स्थापित होना उत्पादन और आपूर्ति की जरूरतों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे भारतीय कंपनियों को स्थानीय स्तर पर कैन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और बॉल कॉर्पोरेशन को भारतीय बाजार के साथ अंतरराष्ट्रीय कारोबार के विस्तार का अवसर भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कंपनी प्रबंधन से स्थानीय एमएसएमई इकाइयों के साथ साझेदारी बढ़ाने, युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देने और अधिकृत रीसाइक्लिंग नेटवर्क विकसित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि औद्योगिक निवेश का लाभ केवल बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इससे स्थानीय उद्यमियों, कामगारों और छोटे कारोबारियों को भी अवसर मिलने चाहिए।
यूपी में लगातार बढ़ रहा औद्योगिक निवेश
प्रदेश में निवेश की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हाल के दिनों में कई बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं की शुरुआत हुई है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास क्षेत्र में सीएनएच इंडस्ट्रियल की 1,200 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश वाली परियोजना का भूमिपूजन किया गया है। वहीं, ताइवान की कंपनी क्रिएटिव सेंसर के साथ 1,100 करोड़ रुपये से अधिक के संभावित निवेश को लेकर भी बातचीत हुई है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कंपनियों का उत्तर प्रदेश में निवेश के प्रति बढ़ता रुझान प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आधारभूत ढांचे और औद्योगिक नीतियों पर उनके भरोसे को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में हुए औद्योगिक बदलावों का जिक्र करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश को अब तक 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में 21 हजार से अधिक नई फैक्ट्रियां स्थापित हुई हैं। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में कुल कारखानों की संख्या बढ़कर 35 हजार से अधिक हो गई है।
मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण में भी यूपी की बढ़ी हिस्सेदारी
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। देश के कुल मोबाइल उत्पादन में प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स के उत्पादन में लगभग 60 प्रतिशत है। इसके अलावा डाटा सेंटर, इलेक्ट्रिक वाहन और सेमीकंडक्टर जैसे उभरते क्षेत्रों में भी निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं।
उन्होंने कहा कि उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने के लिए आईटीआई, डिप्लोमा संस्थानों और तकनीकी शिक्षा के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि उन्हें आधुनिक उद्योगों में रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
एक करोड़ MSME और 25 हजार से अधिक स्टार्टअप दे रहे अर्थव्यवस्था को मजबूती
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में करीब एक करोड़ एमएसएमई इकाइयां और 25 हजार से अधिक स्टार्टअप प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। निवेशकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने 36 क्षेत्रवार औद्योगिक नीतियां लागू की हैं। इसके साथ ही 75 हजार एकड़ से अधिक का औद्योगिक भूमि बैंक, 27 आधुनिक इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर और निवेश मित्र सिंगल विंडो व्यवस्था विकसित की गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि निवेशकों को उद्योग स्थापित करने के लिए जरूरी भूमि, अनुमति और अन्य सुविधाएं निर्धारित समय में उपलब्ध कराई जाएं, जिससे निवेश प्रक्रिया सरल हो और औद्योगिक परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जा सके।
एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैमसंग, एलजी, डिक्सन, एचसीएल-फॉक्सकॉन, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, पेप्सिको और सीएनएच इंडस्ट्रियल जैसी कंपनियों के बाद अब बॉल कॉर्पोरेशन का निवेश उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता को और विस्तार देगा। प्रदेश सरकार उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। इस लक्ष्य को हासिल करने में आधुनिक विनिर्माण इकाइयों, बेहतर कनेक्टिविटी, निवेश अनुकूल नीतियों और प्रशिक्षित मानव संसाधन की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
कार्यक्रम में बॉल कॉर्पोरेशन के सीएफओ (ईएमईए) फिल हॉकेन, कंपनी के निदेशक अजीत शर्मा सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कंपनी प्रबंधन को आश्वस्त किया कि परियोजना की स्थापना से लेकर उत्पादन शुरू होने तक राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।