अब आम जनता देख सकेगी केजरीवाल का ‘शीशमहल’, 20 रुपये होगा टिकट

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (27 November 2026): दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का पूर्व सरकारी आवास शुक्रवार से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। सिविल लाइंस स्थित 6, फ्लैगस्टाफ रोड के इस बंगले को देखने के लिए लोगों को टिकट लेना होगा। टिकट की कीमत 20 रुपये रखे जाने की संभावना है, जबकि वरिष्ठ नागरिकों और कॉलेज के छात्रों को मुफ्त प्रवेश देने की व्यवस्था की जा सकती है। दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि सबसे पहले मीडिया के लिए विशेष टूर आयोजित किया जाएगा। इसके बाद आम लोग भी इस बंगले को अंदर से देख सकेंगे।

अरविंद केजरीवाल वर्ष 2015 से 2024 तक मुख्यमंत्री रहते हुए करीब नौ साल इसी बंगले में अपने परिवार के साथ रहे थे। भाजपा ने मुख्यमंत्री आवास के नवीनीकरण और उस पर हुए भारी खर्च को लेकर लगातार सवाल उठाए थे। भाजपा नेताओं ने इस सरकारी आवास को ‘शीशमहल’ नाम दिया था। प्रवेश वर्मा ने बंगले को भ्रष्टाचार का उदाहरण बताते हुए आरोप लगाया कि एक तरफ केजरीवाल सरकारी गाड़ी तक इस्तेमाल नहीं करने की बात करते थे, वहीं दूसरी तरफ उन्होंने कई मकानों को गिरवाकर अपने लिए आलीशान आवास तैयार करवाया। केजरीवाल ने 4 जून 2024 को मुख्यमंत्री आवास खाली कर दिया था।

सरकार की योजना फिलहाल इस बंगले को कुछ समय तक आम लोगों के भ्रमण के लिए उपलब्ध कराने की है। इसके बाद इसे एक निजी हॉस्पिटैलिटी कंपनी को सौंपने की तैयारी है। प्रस्ताव के मुताबिक, संबंधित कंपनी यहां सरकारी कॉन्फ्रेंस, आधिकारिक लंच और विभिन्न बैठकों का आयोजन कर सकेगी। इस दिशा में प्रक्रिया जल्द पूरी होने की उम्मीद है। बंगले की साफ-सफाई और रखरखाव के लिए फिलहाल करीब 10 कर्मचारियों को तैनात किया गया है। केजरीवाल के परिवार के आवास खाली करने के बाद लोक निर्माण विभाग ने बंगले के अंदरूनी हिस्सों का विस्तृत ऑडिट भी कराया था।

इस बंगले के नवीनीकरण पर हुए खर्च को लेकर भी पहले काफी विवाद हुआ था। दिल्ली विधानसभा में पिछले साल पेश की गई नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट के मुताबिक, बंगले के रेनोवेशन पर कुल 33.66 करोड़ रुपये खर्च किए गए, जबकि इसकी शुरुआती अनुमानित लागत 7.91 करोड़ रुपये थी। यानी निर्धारित बजट से करीब 342 प्रतिशत अधिक खर्च हुआ। रिपोर्ट में बताया गया कि लगभग 18.88 करोड़ रुपये महंगे इंटीरियर, सजावटी सामान और एंटीक वस्तुओं पर खर्च किए गए। CAG ने परियोजना में नियमों की अनदेखी, धन के इस्तेमाल और लागत में भारी बढ़ोतरी से जुड़ी अनियमितताओं का भी उल्लेख किया था।

वहीं, बंगले के नवीनीकरण में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर जांच भी जारी है। वर्ष 2022 में तत्कालीन उपराज्यपाल वीके सक्सेना के निर्देश पर दिल्ली सरकार के सतर्कता विभाग ने इस मामले की जांच शुरू की थी। इसके बाद भाजपा विधायक और तत्कालीन नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता की शिकायत के आधार पर मामला CBI जांच तक पहुंचा। फिलहाल इस मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) जांच कर रही है। ऐसे में अब जब यह बंगला आम जनता के लिए खोला जा रहा है, तो एक बार फिर इसके निर्माण, नवीनीकरण पर हुए खर्च और राजनीतिक विवाद को लेकर चर्चा तेज होने की संभावना है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।