कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ दिल्ली में FIR, क्या है पूरा मामला?

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (26 November 2026): बिहार की महिलाओं के सिंदूर और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उनके खिलाफ दिल्ली के साकेत पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला 24 अक्टूबर को साकेत स्थित अनूपम पीवीआर के बेसमेंट में हिडन कॉमेडी क्लब की ओर से आयोजित एक कॉमेडी कार्यक्रम से जुड़ा है। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान बिहार की महिलाओं के सिंदूर की लंबाई को लेकर अश्लील टिप्पणी की गई थी। इसके अलावा बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बारे में भी कथित तौर पर आपत्तिजनक बातें कही गई थीं।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में शिकायतकर्ता निलोट्पल मृणाल ने 25 नवंबर को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कार्यक्रम के दौरान बिहार की महिलाओं की गरिमा, धार्मिक आस्था, वैवाहिक परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियां की गईं। शिकायतकर्ता ने कार्यक्रम की मूल वीडियो रिकॉर्डिंग और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मनोरंजन और कॉमेडी के नाम पर किसी समुदाय की महिलाओं तथा उनकी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का अपमान नहीं किया जा सकता।

दिल्ली पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79, 196, 296 और 352 के तहत मामला दर्ज किया है। एफआईआर में अज्ञात आरोपियों का भी उल्लेख है। पुलिस अब कॉमेडी क्लब के संचालकों, प्रबंधकों, कार्यक्रम आयोजकों और प्रस्तुति से जुड़े कलाकारों की भूमिका की जांच कर रही है। जांच के दौरान कार्यक्रम की मूल वीडियो रिकॉर्डिंग, सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री, टिकट बिक्री का विवरण और आयोजकों से जुड़े दस्तावेज जुटाए जाएंगे। पुलिस यह भी पता लगाएगी कि विवादित टिप्पणी किसने की और कार्यक्रम की सामग्री तैयार करने में किन लोगों की भूमिका थी। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर मंदीप कुकेना को सौंपी गई है।

वहीं, इस विवाद को लेकर बिहार में भी विरोध तेज हुआ है। वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक नेताओं और सोशल मीडिया यूजर्स ने कॉमेडियन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पटना साइबर थाने में भी यश माहेश्वरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। बढ़ते विवाद के बीच कॉमेडियन ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर बिहार की महिलाओं और छठ पूजा के दौरान सिंदूर को लेकर की गई टिप्पणी पर माफी मांगी है। हालांकि, अब दिल्ली और बिहार में दर्ज मामलों के बाद उनकी कानूनी मुश्किलें बढ़ गई हैं और पुलिस दोनों मामलों में आगे की जांच कर रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।