Sheoran International School में वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन, संस्कृति और शिक्षा का संगम.

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (10 मार्च 2025): Sheoran International School का वार्षिकोत्सव 09 मार्च 2025, रविवार को धूमधाम से मनाया गया। इस भव्य आयोजन में अनेक गणमान्य अतिथियों और मीडिया प्रतिनिधियों ने शिरकत की। इस अवसर पर स्कूल के अध्यक्ष उदयवीर सिंह, प्रधानाध्यापिका अपर्णा शर्मा, डायरेक्टर सुशांत सिंह, खेल शिक्षक शिवालक राज सहित विद्यालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और शिक्षिकाएं उपस्थित रही। वार्षिक उत्सव का मुख्य आकर्षण स्कूल की सांस्कृतिक धरोहर और मूल्य आधारित शिक्षा पर आधारित कार्यक्रमों का आयोजन था।

इस उत्सव की शुरुआत विद्यालय के डायरेक्टर प्रत्यूष जी की उपस्थिति में हुई, जिन्होंने विद्यालय के समृद्ध इतिहास और शिक्षा के आदर्शों को दर्शाते हुए बताया कि श्योराण इंटरनेशनल स्कूल न केवल शैक्षिक दृष्टि से बल्कि नैतिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी एक अनुकरणीय संस्थान है। उन्होंने विशेष रूप से रामायण को इस साल के उत्सव का मुख्य विषय चुने जाने पर प्रकाश डाला, जिससे विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और आदर्श मूल्यों से परिचित कराया जा सके।

प्रधानाध्यापिका अपर्णा शर्मा और अध्यक्ष उदयवीर सिंह ने वार्षिक उत्सव में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विद्यालय के उद्देश्यों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि विद्यालय अपने छात्रों को न केवल शिक्षा देता है, बल्कि उन्हें जीवन के महत्वपूर्ण नैतिक मूल्यों की शिक्षा भी प्रदान करता है। रामायण के माध्यम से आदर्श जीवन और कर्तव्यों की महत्ता को बच्चों में जागरूक करने का प्रयास किया गया है।

साथ ही, ‘राम सुख फाउंडेशन’ की स्थापना की भी जानकारी दी गई, जिसका उद्देश्य समाज में जरुरतमंदों के लिए भोजन उपलब्ध कराना है। इस फाउंडेशन के अंतर्गत अब तक 15 फूड ड्राइव आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें अनाथालयों, अस्पतालों, सड़कों पर गरीबों और मजदूरों को भोजन प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में श्री श्री 1008 आचार्य महामंडलेश्वर जी महाराज ने उपस्थित सभी को संबोधित किया। उन्होंने रामायण के गूढ़ अर्थों को साझा किया और हिंदू धर्म की परंपराओं पर प्रकाश डाला। आचार्य जी ने रामायण के पात्रों, विशेष रूप से भगवान राम, के आदर्शों को बच्चों के जीवन में अपनाने की सलाह दी। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार में एकजुटता और अनुशासन की महत्ता को समझना चाहिए, जो रामायण के संदेशों का प्रमुख हिस्सा है।

विशिष्ट अतिथियों में बालमुकुंद जी महाराज और डॉक्टर राजकुमार सांगवान भी मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त, आईएएस अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और समय-समय पर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई, जिसके बाद माता-पिता और बच्चों द्वारा मिलकर एक भावनात्मक नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसमें परिवार के स्नेह और आत्मीयता को दर्शाया गया। इसके बाद विद्यालय के होनहार छात्रों को पुरस्कार वितरण समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में रामायण का मंचन किया गया, जिसमें न केवल रामायण की कथा का प्रस्तुतिकरण किया गया, बल्कि यह भी दिखाया गया कि आज के समय में रामायण के शिक्षाओं की क्या प्रासंगिकता है।

कार्यक्रम में छोटे बच्चों से लेकर बड़े सभी की भागीदारी देखी गई। बच्चों का नृत्य और उनके जोश ने सभी उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। संपूर्ण कार्यक्रम संगीत, नृत्य और भव्य प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ, जिससे श्योराण इंटरनेशनल स्कूल का वार्षिक उत्सव एक यादगार आयोजन बन गया। इस उत्सव ने यह साबित कर दिया कि श्योराण इंटरनेशनल स्कूल न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि समाज सेवा, संस्कृतियों के संरक्षण और नैतिक मूल्यों के संवर्धन में भी अग्रणी है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।