अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आतिशी ने महिला सफाई कर्मचारियों और आशा वर्करों को किया सम्मानित

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (08 मार्च 2025): अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर करोल बाग में आयोजित एक कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने महिला सफाई कर्मचारियों और आशा वर्करों को सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में करोल बाग से आप विधायक विशेष रवि भी शामिल हुए।

आतिशी ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं का सम्मान सिर्फ एक दिन नहीं, बल्कि साल के 365 दिन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में महिलाएं बहुत आगे बढ़ी हैं, लेकिन आज भी हमारे समाज में बेटी के जन्म पर कई लोग नाखुश होते हैं।

उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि जब वह एक सरकारी गर्ल्स स्कूल गई थीं, तो अधिकतर लड़कियों ने बताया कि उनके भाई प्राइवेट स्कूल में पढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि आज भी कई परिवार बेटे को प्राइवेट स्कूल और बेटियों को टूटे-फूटे सरकारी स्कूलों में भेजते हैं।

आतिशी ने इस बात पर जोर दिया कि हमें लड़कियों को समान अधिकार देने के लिए सबसे पहले अपने घरों से शुरुआत करनी होगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने पैरों पर खड़ा होने के लिए शिक्षा और नौकरी के अवसर देने होंगे।

उन्होंने कहा कि महिलाएं तभी स्वतंत्र होती हैं जब उनके पास अपनी कमाई होती है। महिलाओं को बराबरी का हक दिलाने के लिए हमें न सिर्फ लड़कियों में, बल्कि लड़कों में भी सही सोच विकसित करनी होगी।

आतिशी ने कार्यक्रम में मौजूद लड़कियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अगर कोई कहे कि लड़कियां ये काम नहीं कर सकतीं, तो उन्हें जवाब देना चाहिए कि लड़कियां सब कुछ कर सकती हैं और आगे बढ़कर दिखाएंगी भी।

कार्यक्रम के अंत में आतिशी ने सभी को प्रण दिलाया कि अपने बच्चों में समानता और बराबरी का भाव लाने का प्रयास करेंगे, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव आए।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।