शारदा का एक ही उद्देश्य, मरीजों को मिले विश्वस्तरीय एवं बेहतर चिकित्सकीय सुविधा: VC YK Gupta
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (08 मार्च 2025): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 8 मार्च 2025 को ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित 600 बिस्तरों वाले शारदा केयर हेल्थ सिटी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन किया। यह अस्पताल स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई दिशा और उच्चतम मानक स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस अस्पताल में कैंसर समेत सभी गंभीर बीमारियों का इलाज उन्नत तकनीक और उचित दरों पर उपलब्ध कराया जाएगा। इस परियोजना के पहले चरण में लगभग 500 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, और इसके द्वारा लगभग 1,000 लोगों को रोजगार के अवसर भी प्रदान किए गए हैं।

शारदा हॉस्पिटल में शुरू हुई विश्वस्तरीय हेल्थकेयर सुविधाएं: वाइस चांसलर वाई. के. गुप्ता

इस अवसर पर शारदा ग्रुप के वाइस चांसलर वाई. के. गुप्ता ने टेन न्यूज से खास बातचीत करते हुए कहा, “शारदा हॉस्पिटल में आज विश्वस्तरीय हेल्थकेयर सुविधाएं शुरू की गई हैं, जिसका उद्घाटन माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया गया है।” उन्होंने बताया, शारदा का एक ही उद्देश्य है—कैसे मरीजों की बेहतर सेवा की जा सकती है। हमारी पूरी कोशिश रहती है कि कोई भी गंभीर मरीज, चाहे वह कहीं से भी आए, उसे पूरी तरह ठीक करके ही भेजें।
वाई. के. गुप्ता ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार से शारदा ग्रुप को हमेशा हर संभव सहायता मिलती है। उन्होंने उल्लेख किया कि यूपी सरकार की ओर से जो भी आवश्यक अनुमतियां (NOCs) या अन्य औपचारिकताएं होती हैं, उसमें सरकार हमेशा उनका सहयोग करती है।

शारदा हेल्थ सिटी ग्रेटर नोएडा के लिए बड़ी उपलब्धि: चांसलर पी. के. गुप्ता

शारदा ग्रुप के चांसलर पी. के. गुप्ता ने टेन न्यूज से बातचीत करते हुए कहा, आज का आयोजन बेहद शानदार रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस कार्यक्रम के लिए बहुत अच्छा समय निकाला, जो ग्रेटर नोएडा के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।” उन्होंने बताया, “शारदा हेल्थ सिटी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल न केवल ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए एक वरदान साबित होगा, बल्कि आने वाले समय में देश और विदेश से भी लोग यहां इलाज के लिए आएंगे।
पी. के. गुप्ता ने कहा, शारदा हॉस्पिटल में दुनिया की हर अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध है। लिवर ट्रांसप्लांट, बोन मैरो ट्रांसप्लांट, लंग ट्रांसप्लांट, कार्डियोलॉजी और ऑन्कोलॉजी जैसी सभी सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं यहां पर उपलब्ध हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यूपी सरकार से शारदा को किसी भी प्रकार की आर्थिक मदद की जरूरत नहीं है, क्योंकि शारदा को 2004 में ही भूमि मिल गई थी।

उन्होंने उम्मीद जताई कि ग्रेटर नोएडा में कानून व्यवस्था बनी रहे, शांति कायम रहे और शहर लगातार प्रगति करता रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शारदा केयर हेल्थ सिटी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन न केवल ग्रेटर नोएडा बल्कि पूरे प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक कदम है। इस अस्पताल में अत्याधुनिक सुविधाओं का होना, और मरीजों को उच्चतम स्तर की चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना, उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र को एक नई दिशा देने वाला कदम साबित होगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।