सेक्टर-33 की समस्याओं पर नोएडा प्राधिकरण की बैठक, 22 मांगें हुईं प्रस्तुत | नोएडा आपके द्वार

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (06 मार्च, 2025): नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने “नोएडा आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत सेक्टर-33 आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सेक्टर की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। इस बैठक में कुल 22 मांगें प्रस्तुत की गईं, जिनमें सिविल, उद्यान, ट्रैफिक, बिजली, जल/सीवर और जन स्वास्थ्य से संबंधित मुद्दे शामिल थे। सिविल विभाग से 8 मांगें की गईं, जिनमें 10 साल पहले बनी बीसीसी सड़कों की मरम्मत, पैदल पथों की टाइल्स की मरम्मत, खुली नालियों को ढकने और ग्रीन बेल्ट में पाथवे बनाने जैसी समस्याएँ प्रमुख थीं। इसके अलावा, मार्केट एरिया की सौंदर्यीकरण और सुरक्षा दीवारों की मरम्मत की मांग भी उठी।

उद्यान विभाग से 4 मांगें आईं, जिनमें रोड साइड पौधों की कटाई, पार्कों में लाइट लगाने और ग्रीन बेल्ट में रेन वाटर संप की मांग शामिल थी। ट्रैफिक संबंधी समस्याओं में मुख्य प्रवेश द्वार पर जर्सी बैरियर लगाने और एआरटीओ कार्यालय के पास पार्किंग व्यवस्था में सुधार की मांग की गई। एमपी-2 मार्ग पर पार्किंग की अव्यवस्था को सुधारने और एआरटीओ कार्यालय के पास सड़क को चौड़ा करने की भी मांग रखी गई।

बिजली विभाग से 3 मांगें की गईं, जिनमें खराब स्ट्रीट लाइट की मरम्मत और हाई मास्ट लाइट्स के तार बदलने की मांग प्रमुख थी। जल/सीवर विभाग से 2 और जन स्वास्थ्य विभाग से भी 2 मांगें की गईं। इनमें सीवर की सफाई, पानी की पाइपलाइनों के कनेक्शन और सीएंडडी वेस्ट के निस्तारण की मांग प्रमुख थी। इसके अलावा, सेक्टर-33 में कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की भी मांग की गई।

प्राधिकरण ने सभी समस्याओं के समाधान के लिए समयबद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया और नई मांगों को लेकर सभी संबंधित विभागों को तीन सप्ताह में प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने प्रशासन के आश्वासनों पर संतोष व्यक्त किया। इस बैठक से यह स्पष्ट है कि नोएडा प्राधिकरण सेक्टर-33 की समस्याओं को गंभीरता से ले रहा है और जल्द समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।