क्या बसपा ने थाम लिया बीजेपी का हाथ? मायावती पर उठे सवाल, आकाश आनंद को कांग्रेस का न्यौता
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली, (06 मार्च, 2025): बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राजनीति पर नए सिरे से सवाल खड़े हो गए हैं। डॉ. उदित राज, जो दलित, ओबीसी, मॉइनोरिटीस एवं आदिवासी (डोमा) परिसंघ के राष्ट्रीय चेयरमैन और पूर्व सांसद हैं, ने एक प्रेस वार्ता में बसपा के बीजेपी के करीब जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बसपा का सफर सामाजिक आंदोलन से शुरू होकर अब भाजपाकरण तक पहुंच गया है।
उदित राज ने मायावती पर आरोप लगाया कि 2022 के उत्तर प्रदेश चुनाव में उन्होंने समाजवादी पार्टी को हराने की मंशा से बीजेपी की अप्रत्यक्ष मदद की। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि अगर बसपा इंडिया गठबंधन का हिस्सा होती, तो बीजेपी को केंद्र में सरकार बनाना मुश्किल हो जाता। राहुल गांधी ने भी इस बात को रायबरेली में उठाया था।
एक और बड़ा मुद्दा आकाश आनंद को लेकर उठाया गया। आकाश आनंद, जो मायावती के भतीजे हैं, ने बीजेपी के खिलाफ आक्रामक भाषण दिया था, जिसके 24 घंटे के भीतर ही उन्हें कोऑर्डिनेटर पद से हटा दिया गया। इसके बाद आकाश आनंद को दो बार पद से हटाने और फिर से नियुक्त करने की घटनाओं ने भी सवाल खड़े किए हैं। उदित राज का कहना है कि यह सब बीजेपी के दबाव में हो रहा है।
प्रेस वार्ता में यह भी कहा गया कि बसपा में पिछले 20 सालों से सिर्फ सतीश मिश्रा को ही मीडिया में बोलने का अधिकार क्यों है। क्या मिश्रा ही अकेले अम्बेडकरवादी बचे हैं? आकाश आनंद के इस बयान का भी जिक्र हुआ कि पार्टी में कुछ वरिष्ठ नेता मुश्किलें खड़ी कर रहे हैं। इसका इशारा सतीश मिश्रा की ओर माना जा रहा है।
कांग्रेस की ओर से आकाश आनंद को पार्टी में शामिल होने का न्यौता भी मिला है। उन्होंने हाल ही में कहा था कि अगर बसपा कांग्रेस और सपा से गठबंधन नहीं करती तो पार्टी का प्रदर्शन विधानसभा चुनाव में बेहद खराब रहेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।