दिल्ली में मीट दुकानों पर विवाद, BJP विधायक रविंद्र नेगी का वीडियो वायरल

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (06 मार्च 2025): दिल्ली के पटपड़गंज इलाके में मीट दुकानों को बंद कराने को लेकर बीजेपी विधायक रविंद्र नेगी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो में वे दुकानदारों को हर मंगलवार को अपनी दुकानें बंद रखने का निर्देश दे रहे हैं। नेगी का कहना है कि मंदिर के पास मीट की दुकानें खुली रहने से श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचती है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर दुकानदार इस फैसले का पालन नहीं करते हैं तो उनकी दुकानें स्थायी रूप से बंद कर दी जाएंगी।

सोशल मीडिया पर जारी किया वीडियो

रविंद्र नेगी ने खुद इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया और अपने फैसले का समर्थन किया। उन्होंने ट्वीट में लिखा, “पटपड़गंज विधानसभा में मंगलवार को खुली चिकन शॉप को बंद कराने का निर्देश दिया, क्योंकि यह मंदिर में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत कर रही थी।” उन्होंने आगे कहा कि सनातन संस्कृति में धार्मिक स्थलों के पास पवित्रता बनाए रखना आवश्यक है और मीट की दुकानें इस भावना के खिलाफ हैं।

MCD की टीम के साथ पहुंचे विधायक

जानकारी के अनुसार, रविंद्र नेगी ने मीट की दुकानों को बंद कराने के लिए MCD की टीम के साथ इलाके का दौरा किया। पटपड़गंज के शशि गार्डन इलाके में मौजूद प्राचीन शिव मंदिर के पास कई मीट की दुकानें हैं, जिनको बंद करने के लिए स्थानीय लोगों ने विधायक से शिकायत की थी। इसके बाद नेगी ने खुद मौके पर जाकर दुकानदारों से हर मंगलवार को दुकानें बंद रखने और मांस को ढंककर बेचने के निर्देश दिए।

दुकानदारों ने उठाए सवाल

इस फैसले के बाद दुकानदारों ने सवाल उठाए हैं। कई दुकानदारों ने कहा कि अगर प्रशासन को दुकानें बंद करानी हैं तो वह आदेश जारी करे, लेकिन एक विधायक खुद इस तरह का फरमान कैसे जारी कर सकते हैं। कुछ दुकानदारों ने संविधान का हवाला देते हुए कहा कि वे विधायक की मर्जी से नहीं, बल्कि कानून के तहत काम करेंगे। हालांकि, कुछ मुस्लिम दुकानदारों ने दबे स्वर में इस फैसले का समर्थन किया और कहा कि वे मंगलवार को दुकानें बंद रखने के लिए तैयार हैं।

पहले भी विवादों में रहे हैं रविंद्र नेगी

रविंद्र नेगी पहली बार पटपड़गंज से विधायक बने हैं, लेकिन इससे पहले वे विनोद नगर वार्ड से दो बार पार्षद रह चुके हैं। उन्होंने पहले भी विवादास्पद फैसले लिए हैं, जैसे नवरात्र में मीट की दुकानें बंद कराना और मुस्लिम दुकानदारों से अपनी दुकानों पर असली नाम लगाने को कहना। इससे पहले मार्च 2023 में भी उन्होंने अपने वार्ड में नवरात्र के दौरान मीट की दुकानें बंद कराई थीं।

चुनाव जीतने के बाद लगातार सुर्खियों में हैं विधायक

पटपड़गंज सीट पर पहले AAP के मनीष सिसोदिया विधायक थे, लेकिन 2025 के चुनाव से पहले उन्होंने सीट बदल ली। उनकी जगह AAP ने अवध ओझा को टिकट दिया, लेकिन वे बीजेपी के रविंद्र नेगी से चुनाव हार गए। विधानसभा में जीत के बाद से रविंद्र नेगी लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं और विवादित मुद्दों पर अपनी राय रखने से नहीं कतराते।इस पूरे मामले में प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। अगर मीट की दुकानें धार्मिक स्थलों के पास नहीं होनी चाहिए तो इसके लिए MCD या दिल्ली सरकार को कानून बनाना चाहिए। दिल्ली में पहले से ही नवरात्र और कुछ अन्य धार्मिक अवसरों पर मीट की दुकानों को बंद रखने की परंपरा है, लेकिन हर मंगलवार को इसे अनिवार्य करना एक नया मामला है। अब यह देखना होगा कि प्रशासन इस मामले पर क्या रुख अपनाता है और क्या दुकानदार इस आदेश को मानते हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।