‘33% महिला आरक्षण लागू करना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम’: बांसुरी स्वराज
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (29 November 2026): दिल्ली भाजपा ने महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर केंद्र सरकार के फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए विपक्ष के आरोपों पर पलटवार किया है। रविवार, 29 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित दिल्ली भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा की सीटें बढ़ाकर महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी के उन आरोपों को खारिज किया, जिनमें परिसीमन के जरिए भाजपा की राजनीतिक स्थिति मजबूत करने की आशंका जताई जा रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रीय महिला मोर्चा अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी, दिल्ली भाजपा सह प्रभारी दर्शना जरदोश, महामंत्री योगिता सिंह और दिल्ली महिला मोर्चा अध्यक्ष अर्चना गुप्ता भी मौजूद रहीं।
बांसुरी स्वराज ने कहा कि परिसीमन किसी राजनीतिक दल की इच्छा या भाजपा के किसी षड्यंत्र का परिणाम नहीं, बल्कि संविधान में निर्धारित प्रक्रिया है। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 334A का हवाला देते हुए कहा कि महिला आरक्षण को परिसीमन की प्रक्रिया से जोड़ा गया है। कांग्रेस के आरोपों पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भी कई बार परिसीमन हुआ, लेकिन इससे किसी पार्टी का शासन स्थायी नहीं हुआ। जनता राजनीतिक दलों को उनके सुशासन, विकास और ईमानदारी के आधार पर चुनती है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 1973 के बाद लोकसभा सीटों के पुनर्निर्धारण पर रोक के दौरान देश की आबादी में काफी वृद्धि हुई है। लगभग 140 करोड़ की आबादी वाले देश में एक सांसद पर करीब 18 लाख लोगों के प्रतिनिधित्व की जिम्मेदारी है, इसलिए सीटों में वृद्धि की जरूरत है।
बांसुरी स्वराज ने विपक्ष के इस आरोप को भी खारिज किया कि सीटें बढ़ने का लाभ केवल भाजपा शासित राज्यों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली जैसे भाजपा शासित क्षेत्रों में सीटें बढ़ेंगी तो तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल जैसे विपक्ष शासित राज्यों में भी प्रतिनिधित्व बढ़ेगा। यह किसी राज्य के साथ भेदभाव का मामला नहीं, बल्कि समान प्रतिनिधित्व की व्यवस्था है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में महिला नेतृत्व गांधी परिवार तक सीमित रहा है, जबकि भाजपा महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने का अवसर देती है।
राष्ट्रीय महिला मोर्चा अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान पहले ही पारित हो चुका है और अब इसके शीघ्र क्रियान्वयन की दिशा में 132वें संविधान संशोधन विधेयक को केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी मिली है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से विधेयक का समर्थन करने की अपील की। रूप कुमारी चौधरी के मुताबिक, वर्तमान लोकसभा में 543 सदस्यों में केवल 75 महिलाएं हैं, यानी उनकी हिस्सेदारी करीब 13.8 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि 33 प्रतिशत आरक्षण लागू होने से महिलाओं को नीति निर्माण और देश के महत्वपूर्ण फैसलों में अधिक प्रभावी भागीदारी का अवसर मिलेगा। उन्होंने विशाखा बनाम राजस्थान राज्य मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं से जुड़े कानूनों को अधिक संवेदनशील और व्यावहारिक बनाने के लिए सदन में महिला जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी जरूरी है।
दिल्ली भाजपा सह प्रभारी दर्शना जरदोश ने परिसीमन को वैज्ञानिक प्रक्रिया बताते हुए कहा कि इसमें किसी राजनीतिक साजिश की गुंजाइश नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर महिला आरक्षण विधेयक को दशकों तक लंबित रखने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा महिलाओं को केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि नारी शक्ति के रूप में देखती है। वहीं, दिल्ली भाजपा महामंत्री योगिता सिंह ने कहा कि महिला आरक्षण से देश की आधी आबादी को राजनीतिक अधिकारों में उचित हिस्सेदारी मिलेगी। दिल्ली महिला मोर्चा अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी देने के प्रयासों की सराहना की। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि सीटों में वृद्धि और महिला आरक्षण से महिलाओं के साथ युवाओं के लिए भी राजनीति में नए अवसर खुलेंगे और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।