दिल्ली के कोटला गांव में 8वीं के छात्र की चाकू से गोदकर हत्या, दो नाबालिग हिरासत में

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (29 November 2026): पूर्वी दिल्ली के कोटला गांव इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां कक्षा 8 में पढ़ने वाले एक छात्र की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की सूचना मिलते ही पांडव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 7 बजे एक लड़के पर चाकू से हमला किए जाने की सूचना पीसीआर कॉल के जरिए मिली थी।

जानकारी के मुताबिक, छात्र शनिवार को स्कूल से घर लौटा था। घर पहुंचने के कुछ देर बाद उसने अपनी मां को बताया कि वह बाहर खेलने जा रहा है। परिवार के एक सदस्य के अनुसार, छात्र के घर से निकलने के महज पांच मिनट बाद एक अन्य लड़का वहां पहुंचा और उसकी मां को बताया कि उनका बेटा नाले में पड़ा हुआ है और उसके शरीर में चाकू घुसा हुआ है। यह खबर सुनते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। छात्र की मां तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ीं।

परिजनों के मुताबिक, मौके पर पहुंचने पर मां ने अपने बेटे को गंभीर हालत में पड़ा देखा। उसके पेट में चाकू लगा हुआ था, गले पर धारदार हथियार से वार के निशान थे और शरीर पर भी चाकू से किए गए हमले का एक अन्य जख्म मौजूद था। घायल छात्र को तत्काल लाल बहादुर शास्त्री (LBS) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की हत्या की खबर से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि छात्र की मां पहले से ही हृदय संबंधी बीमारी से जूझ रही हैं।

दिल्ली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या का केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और दो नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि छात्र की हत्या के पीछे क्या वजह थी और वारदात को किस परिस्थिति में अंजाम दिया गया। फिलहाल हत्या का मकसद और घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हो पाई हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।