बड़ी खबर: दिल्ली के विश्वास नगर में भीषण आग, चार लोगों की मौत

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (29 November 2026): दिल्ली के विश्वास नगर इलाके में रविवार तड़के एक मकान में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग झुलसकर घायल हो गए। हादसा यूनिटी मॉल के पास गली नंबर-11 में स्थित एक मकान में हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग मकान के उस हिस्से में लगी, जहां ई-रिक्शा पार्क किए जाते थे। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी।

दमकल विभाग के अनुसार, रविवार सुबह करीब 4 बजकर 13 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियों को घटनास्थल पर रवाना किया गया। इनमें एक वाटर टेंडर, एक वाटर बाउजर और एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल शामिल था। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के साथ राहत और बचाव अभियान शुरू किया। इस दौरान मकान की बीच वाली मंजिल पर फंसे छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य लोग करीब 10 प्रतिशत झुलसे हुए हैं।

शाहदरा के DCP राजेंद्र प्रसाद मीणा ने कहा, “हमें सुबह 4:20 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। विश्वास नगर की गली नंबर 11 में यह आग लगने की घटना हुई है। घटनास्थल पर 4 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 2 अन्य लोगों को अस्पताल भेजा गया है, उनकी हालत अभी स्थिर है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। शुरुआती जांच से लगता है कि आग ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट से शुरू हुई और पहली मंजिल पर सो रहे लोग इसकी चपेट में आ गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान की निगरानी की। अधिकारियों के मुताबिक, आग पर काबू पा लिया गया है। जिस मकान में आग लगी, वह ग्राउंड फ्लोर के अलावा बीच वाली मंजिल और तीन अन्य मंजिलों से मिलकर बना हुआ था। तड़के हुए इस हादसे में चार लोगों की जान जाने से इलाके में शोक का माहौल है। फिलहाल आग लगने के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।