नोएडा में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (28/11/2026): नोएडा में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सेक्टर-49 पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिल, 3 स्कूटी और एक फर्जी नंबर प्लेट बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित, मिथलेश और तीर्थ के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, 28 नवंबर 2026 को पुलिस टीम ने सेक्टर-50 स्थित बिजलीघर के पास सीवेज टावर के नजदीक से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की और उनकी निशानदेही पर गौतमबुद्धनगर के अलावा अन्य जनपदों और राज्यों से चोरी किए गए 9 अन्य मोटरसाइकिल और 3 स्कूटी बरामद कीं।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे आपस में मिलकर अलग-अलग इलाकों में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी करने से पहले वे वाहनों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही उन्हें चोरी कर लेते थे। इसके बाद चोरी किए गए वाहनों को एक स्थान पर छिपाकर रखते थे और बाद में राह चलते लोगों को कम कीमत पर बेच देते थे।

गिरफ्तार आरोपियों में अमित (24 वर्ष), मिथलेश (30 वर्ष) और तीर्थ (19 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-49 और थाना सेक्टर-20 में वाहन चोरी समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस द्वारा बरामद किए गए वाहनों में स्प्लेंडर प्लस, एचएफ डीलक्स, होंडा लीवो, यामाहा एफजेड, होंडा सीबीआर 150, टीवीएस एनटॉर्क, होंडा एक्टिवा और यामाहा फैसिनो समेत अन्य वाहन शामिल हैं। फिलहाल पुलिस बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों की पहचान करने के साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों और उनकी गतिविधियों के संबंध में जांच कर रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।