रामायण का विमर्श या विमर्श की ‘रावणायन’!

टेन न्यूज नेटवर्क

National News (27 November 2026): भारत में एक पुरानी बात लोक में खूब चलती है। ट्रेन के डिब्बे में भाई साहब थोड़ा उधर खिसकना वाली बात। ऐसे भारत के लोग थोड़ा खिसकते-खिसकते एक बर्थ से लेकर एक बोगी, फिर पूरी ट्रेन से कहीं ज्यादा दे चुके हैं। भारत का कुछ सौ साल पुराना इतिहास जो थोड़ा बहुत भी जानते हैं, वो समझते ही होंगे। नहीं समझते तो अखंड भारत जैसे शब्द पर कुछ लोग उछलने क्यों लगते हैं, इसे ही पढ़ लेंगे तो काम चल जाएगा।
2026 की रामायण यानी….थोड़ा खिसकना
अब अगर मैं कहूं कि अभी कुछ दिन पहले रामायण नाम से जो फिल्म रिलीज हुई जिसे लोगों ने रावणायन भी कहना शुरु कर दिया है, वो फिल्म भी आपकी बर्थ में से बैठने की जगह मांग रही है तो शायद हैरानी होगी। रचनात्कमकता या कंटेन्ट क्रिएशन की दुनिया में एक शब्द चलता है- क्रिएटिव लिबर्टी। इसी क्रिएटिव लिबर्टी के नाम पर इस फिल्म में जो कुछ दिखाया गया या जो कुछ नहीं दिखाया गया या बनावटी सीन्स या बुने गए डॉयलॉग जोड़े गए, उसने पहला काम तो ये किया कि इस देश ने उसे वास्तविक राम-कथा के रुप में स्वीकार ही नहीं किया। महज़ एक सिनेमा की तरह देखा। दूसरा काम जेन-ज़ी ने किया कि फिल्म को रावणायन कहना शुरु कर दिया क्योंकि ये शब्द भी सोशल मीडिया के कारण ही चला जहां जेन-ज़ी का दबदबा है। आज 2026 की इस फिल्म को बड़ा बनाने की पूरी कोशिश की जा रही है, प्रमोशन का एक बड़ा अभियान चला, जिसमें कुछ तत्व ऐसे भी हैं जो कह रहे हैं- थोड़ा खिसकना।
रामराज्य के बाद रावणराज्य!
बीते दशक से भारत में रामराज्य की चर्चा हुई तो भारत विरोधी शक्तियों को ये ना भाता, ना भाया। इसीलिए रावणायन में रावणराज्य का शब्द गढ़ दिया गया, इसे ट्रेलर-टीजर तक में डाला गया, ताकि इस शब्द की गूंज उठे और ये भी रामराज्य के कॉन्सेप्ट के साथ जाकर खड़ा हो जाए। फिल्म में रावणराज्य की कल्पना का पूरा आधार तैयार किया गया। पहले भगवान विष्णु और देवों के कारण असुर दाने-खाने को मोहताज थे, ये दिखाया गया और बाद में रावण का अपनी प्रजा के सामने डायलॉग है- मैं जो खाउंगा, वही तुम भी खाओगे। मैं जैसे रहुंगा, वैसे ही तुम भी रहोगे। यानी समझाया गया कि रावणराज्य में सब सुखी होंगे, समानता से रहेंगे। रावण के महिमांडन की बात भी क्यों कही गई, इसे भी समझिए। फिल्म में शुरु से ही रावण की मां के माध्यम से भगवान विष्णु को विलेन के रुप में बताया-जताया गया, जैसे भगवान विष्णु के कृत्यों के कारण ही रावण अत्याचारी बना। शुरु के युद्ध में रावण को रथ का पहिया उठाकर लड़ते दिखाया, ये दृश्य तो महाभारत में भगवान कृष्ण का है। तो फिर रावण को पहिया पकड़ाकर कहां खड़ा करने की कोशिश है, ये भी सोचिए। लंका पर कब्जे के अभियान में रावण स्वयं को वचन का महापालक बताता है। जो रीति रघुकुल की है, उसे रावण पर फिल्मा दिया गया। लंका के बाद विश्व विजय के रावण के पूरे अभियान को भगवान शिव की स्तुति के चोले में दिखाया गया। ये सही है कि रावण महान शिवभक्त था मगर उसके अत्याचारों को शिवस्तुति की छाया में न्यायपूर्ण ठहराया गया। एकाध सीन गलत हो जाता तो उसे त्रुटि कहते पर यहां तो हर सीन में रावण सब कुछ ठीक ही करता दिखाया गया। ये सब रावण का महिमामंडन नहीं तो और क्या था।
रावण तो रावण रहा ही नहीं…
राक्षसराज रावण, जिसकी प्रवृत्तियां नकारात्मक रहीं, उस रावण को दलित, शोषित-वंचित समाज के उद्धारक के रुप में दिखाया गया। रावण ने जब माता सीता का अपहरण किया तब वाल्मीकि रामायण के अनुसार जो कुछ हुआ, वो पूरा हिस्सा फिल्म में नहीं है। यही तो रावण के महापाप का एक बड़ा हिस्सा था जो बताता कि महिलाओं के प्रति रावण की दृष्टि क्या थी। शूर्पणखा घायल अवस्था में रावण के दरबार पहुंचती है तो वाल्मीकि रामायण के अनुसार वहां वो रावण को बाकी बातों के साथ माता सीता के रुप-सौंदर्य के बारे मे बताती है और फिर कहती है कि सीता को तो रावण की रानी बनना चाहिए। उस समय रावण की लालसा से ही चरित्र का पता लगता जबकि ये बात भी इस फिल्म रावणायन से पूरी तरह गायब है। इसकी बजाय कुंभकरण के सम्मान में की गई सभा में रावण दासी के लिए जमीन पर गिरा गिलास उठाकर देता है, यानी वो स्त्रियों का कितना सम्मान करता है, ये बताया गया।
सांस्कृतिक आत्मा पर प्रहार ही तो है…
श्रीराम भारत के राष्ट्रपुरुष हैं और रामायण या रामकथा भारत की आत्मा। 2026 की ये जो फिल्म बनी, जिसने रामायण का नाम तो रख लिया मगर रामायण की वो मूल कथा जिनमें श्रीराम के संदेश हैं, वो कहीं पीछे छूट गया। जैसे श्रीराम 14 साल वन में तपस्वी वेश में रहे, जन-जन यानी समाज के कई वर्गों को संगठित कर युद्ध किया और धर्म की स्थापना की, ये भाव फिल्म का ये भाग देने में असफल है। बल्कि ये फिल्म तो सिर्फ एक ऐसे पति के बदले की कहानी लगती है, जिसकी पत्नी का किसी ने अपहरण कर लिया। महिला सशक्तिकरण के विषय पर आज खूब चर्चा होती है, श्रीराम कथा में उनके हाथों माता अहिल्या का उद्धार एक बड़ी घटना थी, जो इस फिल्म का हिस्सा नहीं। निषादराज से मित्रता व केवट से उनका व्यवहार बताता है कि समाज में तब छूआछूत नहीं था, श्रीराम के लिए सब समान थे, समरस थे, ये दोनों घटनाएं भी फिल्म में नहीं हैं।
ऐसे तो नहीं श्रीराम…
इक्ष्वाकू वंश में प्राणों से भी अधिक वचन के पालन की परम्परा रही। मगर फिल्म ने क्या और कैसे दिखाया, उसे समझिए। कोपभवन में जब कैकेयी वचन मांगती है तो वहां लक्ष्मण का तलवार उठाकर दशरथ और कैकेयी को मार डालने वाला डायलॉग। वनवास की बात पर श्रीराम का असहज होना व कैकेयी को ताना मारना। वनगमन के लिए जाते हुए रथ में बैठे आंखें गीली होना, जैसे श्रीराम कुछ छूट जाने के डर से घबरा गए। हम जानते हैं कि लक्ष्मण ने कभी माता सीता का चेहरा नहीं देखा। इस रावणायन ने तो सीता और लक्ष्मण को जाने कितनी ही बार आमने सामने दिखा दिया। रथ में साथ बैठे दिखा दिया। मारीच के मृग-भ्रम के समय कुटिया के बाहर लक्ष्मण-सीता संवाद देखिए, कि जैसे लक्ष्मण एहसान जता रहे हैं। जिसे हम भरत-मिलाप जानते हैं, वहां तो सिंहासन पर अधिकार की बातें कही गईं। आयोध्या कुमारों में भाईयों का भाव जैसे बिल्कुल गायब था।
फिल्म में श्रीराम के चित्रण की सबसे खराब बात ये कि उन्होंने जब भी राक्षसों का संहार किया, उससे पहले वो खूब भागते दौड़ते नजर आए जैसे वो बहुत साधारण से योद्धा थे। श्रीराम के जिस बल और प्रताप की चर्चा स्वयं शूर्पणखा ने रावण से की, एकाध सीन को छोड़कर वैसा कहीं दिखा ही नहीं। श्रीराम इस राष्ट्र के सबसे बड़े प्रेरणा स्रोत हैं जो देश को ही नहीं, दुनिया को भी संदेश देते हैं। ऐसे महानायक के चरित्र को साधारण मनुष्य की तरह पेश करना, ये समाज स्वीकार कर ही नहीं सकता।
एनिमेटेड सीरीज यानी टार्गेट किड्स
ओटीटी प्लेटफॉर्म पर एक एनिमेटेड सीरीज चल रही है- द लीजेंड ऑफ हनुमान। इसमें भी श्रीराम के मामले में वही रवैया स्पष्ट दिखता है। ये ठीक है कि अंत में रावण की हार ही होनी है लेकिन उससे पहले की कहानी में श्रीराम को जितना असहाय, लाचार और दुर्बल दिखाने के मौके मिल सकते हैं, सीरीज के आकाओं ने वो छोड़े नहीं। कुछेक दृश्यों में तो युद्धभूमि में श्रीराम व हनुमान को ऐसा दिखाया गया जैसा आज भारतवंशी देखना पसंद नहीं करें और हम उन्हें शब्द भी नहीं दे पाएं। महाबली हनुमान से हमने श्रीराम का संबंध को भक्त भगवान जैसा जाना था। सीरीज के इस हिस्से में हनुमान के कर्तव्यों को प्रभू श्रीराम के लिए समर्पण या भक्ति की तरह दिखाने की बजाय एक मित्रवत व्यवहार की प्रस्तुत किया गया है। कथा श्रीराम की हो, वीर हनुमान की या कृष्ण की। उनमें निष्ठा, समर्पण, मर्यादा व मानवीय मूल्यों-संवेदनाओं को हटा दें तो वो रामायण या महाभारत नहीं रह जाएंगे। प्रतीक्षा कीजिए- आने वाली कोई और सीरीज भक्त भगवान के संबंध को मित्रता से आगे कहां तक ले जाएगी।
विमर्श की रावणायन
समाज में कई तरह के विमर्श परस्पर चलते हैं जो सीधी आंखों से नहीं दिखते ना सीधे समझ में आते हैं। अक्सर विमर्श पीढ़ियों तक चलते हैं ताकि एक पीढ़ी जो पुरानी सही बात जानती थी, अगली पीढ़ी उसे कुछ और ही समझे। विमर्श की दुनिया में इसके लिए अंग्रेजी का एक शब्द चलता है ‘डीकंटेक्सचुअलाईजेशन’ (De-Context-ualisation) जिसे हिंदी में आप ’असंदर्भीकरण’ कह सकते हैं। यानी अगर आप किसी बाद का संदर्भ बदल दें, उसके पीछे की व्याख्या को थोड़ा थोड़ा भी बदल दें तो उसके मतलब धीरे धीरे बदलते जाएंगे। ऐसे ही धीरे धीरे समाज के अतीत का वास्तविक संदर्भ बदल जाता है तो समाज के पास अपनी समृद्ध विरासत पर गर्व करने जैसा कुछ बचता ही नहीं। कहने की आवश्यकता नहीं कि इसी से आगे की पूरी दिशा ही बदल जाती है और देशों के भाग्य भी बदलते जाते हैं। इसीलिए मैने जेन-ज़ी की चर्चा की। उसे रामायण के नाम पर झूठ परोसा जा रहा है, मर्यादा-कर्तव्य से दूर रखा जा रहा है। उसे कहा जा रहा है कि श्रीराम साधारण मानव ही तो थे और रामकथा में छोटी मोटी कथाओं का कोई अर्थ ही नहीं। उन्हें कहा जा रहा है कि रावण पिछड़ो वंचितों का मसीहा था, बड़ा योद्धा था, भक्त था। ये सब होते होते इसके कुछ समय बाद फिर एक और रामायण या महाभारत आएगी। फिर दूसरी कोई आएगी। वो भी कहेगी- थोड़ा खिसकना भाई साहब।
लेखक- राज चावला, वरिष्ठ पत्रकार (लेखक स्वतंत्र पत्रकार हैं)

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।