दिल्ली में प्रतिबंधित ई-सिगरेट की तस्करी का भंडाफोड़, 300 ई-सिगरेट के साथ तीन गिरफ्तार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (28 November 2026): दिल्ली में प्रतिबंधित ई-सिगरेट की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आउटर नॉर्थ जिला पुलिस के एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड ने एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों मोहम्मद अज़हर खान, सुजीत जायसवाल और सागर को गिरफ्तार किया है। पुलिस को प्रतिबंधित ई-सिगरेट की तस्करी किए जाने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीम ने सिंघु बॉर्डर की ओर जाने वाले रास्ते पर संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर के पास ऑपरेशन चलाया। इस दौरान संदिग्ध लोडिंग थ्री-व्हीलर को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिबंधित ई-सिगरेट बरामद हुईं।

10 फ्लेवर की 300 ई-सिगरेट और लोडिंग थ्री-व्हीलर बरामद

पुलिस की कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से कुल 300 प्रतिबंधित ई-सिगरेट बरामद की गई हैं। ये सभी ई-सिगरेट 10 अलग-अलग फ्लेवर की ‘एल्फबार राया सोबो 40000’ ब्रांड की बताई गई हैं। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक लोडिंग थ्री-व्हीलर को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। शुरुआती जांच में मामला प्रतिबंधित ई-सिगरेट की सप्लाई से जुड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का सामने आया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ समयपुर बादली थाने में प्रोहिबिशन ऑफ इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट एक्ट, 2019 की धारा 4/7 के तहत मामला दर्ज किया है। इस कानून के तहत ई-सिगरेट के उत्पादन, निर्माण, आयात-निर्यात, परिवहन, बिक्री, वितरण और विज्ञापन पर प्रतिबंध से जुड़े प्रावधान लागू होते हैं।

सप्लाई चेन और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुट गई है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि प्रतिबंधित ई-सिगरेट कहां से दिल्ली लाई जा रही थीं, इनकी सप्लाई किस व्यक्ति या कारोबारी को की जानी थी और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद ई-सिगरेट की सप्लाई दिल्ली के अलावा दूसरे राज्यों में भी की जा रही थी या नहीं। इसके लिए आरोपियों से पूछताछ के साथ सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े और लोगों के नाम सामने आ सकते हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।