दिल्ली में दवा दुकानों की खुली पोल, गुप्त ग्राहक बनकर पहुंचे अधिकारी; 43 फर्मों पर कार्रवाई
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (27 November 2026): राजधानी दिल्ली में बिना डॉक्टर के पर्चे के दवाओं की अवैध बिक्री करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ दिल्ली सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर ड्रग कंट्रोल विभाग ने तीन दिवसीय विशेष प्रवर्तन अभियान के दौरान 83 दवा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया, जिनमें से 43 फर्में नियमों का उल्लंघन करती पाई गईं।
अभियान के दौरान बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के एंटीबायोटिक्स, गर्भपात संबंधी एमटीपी किट और नशे की लत पैदा करने वाली दवाओं की बिक्री के मामले सामने आए। खास बात यह रही कि अवैध बिक्री का पता लगाने के लिए विभाग ने कई जगहों पर गुप्त ग्राहक भी तैनात किए।
20 नवंबर को त्रिनगर और न्यू अशोक नगर में 29 दवा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 13 फर्मों में नियमों का उल्लंघन पाया गया। वहीं, 23 नवंबर को यमुना विहार, पहाड़गंज और करोल बाग में 30 प्रतिष्ठानों की जांच में 13 फर्में नियमों का उल्लंघन करती मिलीं।
इसके बाद 25 नवंबर को रामपुरा, इंद्रलोक और सुल्तानपुर में 24 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 17 फर्मों में अनियमितताएं पाई गईं।
जांच के दौरान दवाओं की खरीद-बिक्री का अनिवार्य रिकॉर्ड नहीं रखने, पंजीकृत फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में दवाओं की बिक्री करने और बिना चिकित्सकीय पर्चे के प्रतिबंधित श्रेणी की दवाएं बेचने जैसे गंभीर उल्लंघन सामने आए।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा, “दवाओं की अनधिकृत बिक्री किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सख्त प्रवर्तन और उल्लंघनों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के माध्यम से जनस्वास्थ्य की रक्षा करना हमारी प्रतिबद्धता है।”
उन्होंने कहा कि चिकित्सकीय निगरानी के बिना एंटीबायोटिक्स के अनियंत्रित सेवन से एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस का खतरा बढ़ सकता है, जिससे संक्रमणों का इलाज करना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने विभाग को निगरानी बढ़ाने और निरीक्षण अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं।
ड्रग कंट्रोल विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाली सभी 43 फर्मों के खिलाफ नियामकीय कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दवाओं की अवैध बिक्री और दुरुपयोग पर अंकुश लगाने के लिए राजधानी में ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।