स्कूल में रस्सी प्रतियोगिता के दौरान 11 वर्षीय छात्र घायल, दोनों हाथों में फ्रैक्चर का आरोप

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (26/11/2026): ग्रेटर नोएडा के मूंजखेड़ा गांव के पास स्थित एक निजी स्कूल में आयोजित खेल गतिविधि के दौरान कक्षा छह का 11 वर्षीय छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों का आरोप है कि रस्सी पर चढ़ने की प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के दौरान छात्र नीचे गिर गया, जिससे उसके दोनों हाथों में फ्रैक्चर हो गया। मामले में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से नाराज परिजनों ने गुरुवार सुबह दनकौर कोतवाली के बाहर धरना शुरू कर दिया।

बल्लूखेड़ा गांव निवासी एडवोकेट सूरज के मुताबिक, उनका भतीजा हर्षित मूंजखेड़ा गांव के नजदीक स्थित निजी स्कूल में कक्षा छह का छात्र है। सोमवार को विद्यालय में रस्सी से जुड़ी प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। आरोप है कि पर्याप्त प्रशिक्षण और सुरक्षा व्यवस्था के बिना हर्षित को रस्सी के सहारे दूसरी तरफ जाने के लिए कहा गया। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिरकर घायल हो गया। हादसे में उसके दोनों हाथों के अलावा शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं।

परिजनों ने स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि घटना के बाद बच्चे के उपचार की समुचित व्यवस्था नहीं की गई। परिवार का कहना है कि स्कूल में आयोजित गतिविधि के दौरान सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा जाना चाहिए था, ताकि इस तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।

घटना से नाराज परिजनों ने मंगलवार को दनकौर पुलिस से शिकायत की थी। हालांकि, उनकी मांग के अनुरूप कार्रवाई नहीं होने पर गुरुवार को किसान संगठन के सदस्यों के साथ कोतवाली पहुंचकर धरना शुरू कर दिया। परिजनों ने स्पष्ट किया है कि जब तक स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

वहीं, पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और शिकायत के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खबर लिखे जाने तक परिजन कोतवाली के बाहर धरने पर बैठे हुए थे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।