New Delhi News (26 November 2026): दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), फिल्ममेकिंग, एनिमेशन और क्रिएटिव इंडस्ट्री से जुड़ी आधुनिक तकनीकी एवं व्यावसायिक स्किल्स सीखने का अवसर मिलेगा। दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस ने नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NSDC) और Eros AIVidya के सहयोग से 15 प्रोफेशनल सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किए हैं। इन सभी कोर्स की अवधि छह महीने निर्धारित की गई है।
इन कोर्स के माध्यम से छात्रों को तेजी से विकसित हो रहे क्रिएटिव और डिजिटल मीडिया उद्योग की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जाएगा। पाठ्यक्रम में AI फिल्ममेकिंग, इन्फ्लुएंसर एवं क्रिएटर बिजनेस, अवतार और डिजिटल ह्यूमन क्रिएशन, एनिमेशन, वीडियो ब्लॉगिंग, AR और VR प्रोडक्शन, VFX, स्क्रिप्ट राइटिंग, एक्टिंग, म्यूजिक प्रोडक्शन, म्यूजिक कंपोजिशन एवं डायरेक्शन, साउंड एडिटिंग, वीडियो एडिटिंग और आर्ट डायरेक्शन जैसे विषय शामिल हैं।
AI फिल्ममेकिंग कोर्स के तहत छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से कंटेंट तैयार करने और फिल्म निर्माण की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं, इन्फ्लुएंसर और क्रिएटर बिजनेस प्रोग्राम के जरिए छात्रों को क्रिएटर इकॉनमी के व्यावसायिक और पेशेवर पहलुओं से परिचित कराया जाएगा। अन्य पाठ्यक्रमों में एनिमेशन, अभिनय, पटकथा लेखन, संगीत निर्माण, साउंड एडिटिंग, वीडियो एडिटिंग और विजुअल इफेक्ट्स जैसी व्यावहारिक स्किल्स पर जोर दिया जाएगा।
इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश केवल दिल्ली विश्वविद्यालय में अध्ययनरत पात्र छात्रों के लिए होगा। दाखिला मेरिट के आधार पर दिया जाएगा। कोर्स की फीस 50 हजार रुपये से लेकर 1.5 लाख रुपये तक निर्धारित की गई है।
15 प्रतिभाशाली छात्रों को बिजनेस शुरू करने में मिलेगी सहायता
इस पहल की एक खास बात यह है कि विभिन्न कार्यक्रमों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 15 छात्रों को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए सहायता भी प्रदान की जाएगी। इसके जरिए छात्रों को केवल अकादमिक सर्टिफिकेट तक सीमित रखने के बजाय उन्हें व्यावहारिक परियोजनाओं, रोजगार के अवसरों और उद्यमिता के लिए तैयार करने पर ध्यान दिया जाएगा।
इस पहल से दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ इंडस्ट्री से जुड़ी नई तकनीकों और कौशलों को सीखने का अवसर मिलेगा। साथ ही, AI और क्रिएटिव सेक्टर में उभरते करियर विकल्पों के लिए उनकी पेशेवर क्षमता विकसित करने में भी मदद मिलेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।