Noida News (25/11/2026): अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस के अवसर पर सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (CITU) की गौतम बुद्ध नगर जिला कमेटी ने महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा, भेदभाव और शोषण पर चिंता जताई। संगठन ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और समान अधिकार सुनिश्चित करने की मांग उठाते हुए जिले की मेहनतकश महिलाओं, कामगारों और आम जनता से महिला हिंसा के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की।
इस अवसर पर CITU के जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि आज भी महिलाओं को घर, कार्यस्थल और सार्वजनिक स्थानों पर घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न, लैंगिक भेदभाव और कम मजदूरी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा रोकने के लिए केवल कानून बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज की सोच और व्यवहार में भी बदलाव लाना जरूरी है।
उन्होंने विशेष रूप से कारखानों, निजी संस्थानों, घरेलू कार्यों और असंगठित क्षेत्रों में काम करने वाली महिलाओं की समस्याओं को उठाया। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कर्मी, मिड-डे मील वर्कर और ठेका एवं संविदा पर काम करने वाली महिलाओं को आज भी कई बुनियादी अधिकारों और सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इन महिला कामगारों को समान काम के लिए समान वेतन, मातृत्व अवकाश, रोजगार की सुरक्षा और सुरक्षित कार्यस्थल जैसी सुविधाएं मिलनी चाहिए।
CITU ने उठाईं महिलाओं के अधिकारों से जुड़ी मांगें
CITU जिला कमेटी ने महिलाओं के खिलाफ हिंसा और उत्पीड़न पर प्रभावी रोक लगाने के साथ कार्यस्थलों पर सुरक्षा संबंधी कानूनों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की। संगठन ने सभी पात्र कार्यस्थलों पर शिकायत समितियों का गठन करने और महिलाओं की शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई करने पर जोर दिया।
इसके अलावा महिलाओं को समान वेतन, स्थायी रोजगार, मातृत्व लाभ और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई। संगठन ने घरेलू हिंसा की पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय, सुरक्षा और पुनर्वास की सुविधाएं देने की भी मांग की।
अंत में CITU जिला कमेटी ने आम जनता से महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और समानता के लिए एकजुट होने की अपील की। संगठन ने कहा कि प्रत्येक बेटी को भयमुक्त वातावरण में जीने की आजादी और हर महिला को समाज में सम्मान एवं समान अधिकार मिलना चाहिए। महिलाओं के खिलाफ हिंसा समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास और सामाजिक जागरूकता बेहद जरूरी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।