सीएम दफ्तर से बाबा साहेब की तस्वीर हटाने पर मचा बवाल, AAP ने साधा निशाना

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (24 फरवरी, 2025): दिल्ली में नई बनी बीजेपी सरकार के खिलाफ आम आदमी पार्टी (AAP) ने बड़ा आरोप लगाया है। मुख्यमंत्री कार्यालय से बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर और शहीद भगत सिंह की तस्वीरें हटाने को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरा है।

विपक्ष की नेता आतिशी ने कहा, “भाजपा ने अपना असली दलित विरोधी और सिख विरोधी चेहरा दिखा दिया है। बाबा साहेब और भगत सिंह की तस्वीरें हटा दी गई हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।”

AAP प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी इस फैसले की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा, “बीजेपी सरकार ने बाबा साहेब की तस्वीर हटाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की तस्वीर लगा दी। इससे करोड़ों अनुयायियों की भावनाओं को ठेस पहुँची है।”

उन्होंने बीजेपी सरकार से अपील करते हुए कहा, “आप प्रधानमंत्री जी की फोटो लगा सकते हैं, लेकिन बाबा साहेब की तस्वीर मत हटाइए। वह भारत के संविधान निर्माता हैं और करोड़ों लोगों के आदर्श हैं।”

इस मुद्दे पर बीजेपी की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि, यह मामला राजनीतिक तूल पकड़ सकता है। विपक्ष इसे दलित और सिख समाज से जोड़कर बीजेपी पर हमलावर हो गया है। देखना होगा कि बीजेपी सरकार इस पर क्या प्रतिक्रिया देती है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।