नई दिल्ली (21 फरवरी 2025): दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी और रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। जिसके ठीक बाद से महिलाओं को प्रतिमाह सहायता राशि दी जाने वाली योजनाओं पर चर्चा तेज हो गई। सीएम गुप्ता से जब मीडिया ने इससे जुड़े सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि, “सरकार हमारी है, एजेंडा हमारा है, आप हमें काम करने दीजिए ना, आपको हर चीज में कहने की जरूरत नहीं है।”
प्रधानमंत्री मोदी की चुनावी घोषणा
दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुले मंच से घोषणा की थी कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर पहली कैबिनेट बैठक में ही महिला सम्मान राशि योजना को लागू किया जाएगा। इस योजना के तहत दिल्ली की प्रत्येक महिला को ₹2500 प्रति माह उनके खाते में सीधे भेजने का वादा किया गया था।
आतिशी मार्लेना का बीजेपी पर हमला
आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी मार्लेना ने दिल्ली सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “भाजपा की दिल्ली सरकार ने पहले दिन से ही दिल्लीवालों को धोखा देना शुरू कर दिया। चुनाव से पहले पीएम मोदी और भाजपा नेताओं ने वादा किया था कि पहली कैबिनेट में ही दिल्ली की हर महिला को ₹2500/महीना देने की योजना पास होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। यह दुखद है कि एक महिला मुख्यमंत्री ने खुद महिलाओं से किया वादा पहले ही दिन तोड़ दिया। इसके साथ ही उन्होंने मोदी जी और नड्डा जी को भी झूठा साबित कर दिया है। जो मोदी जी और नड्डा जी अपनी रैलियों में महिलाओं से पहली कैबिनेट में ही महिला समृद्धि योजना को लागू करने की बात कहते थे और इसे मोदी की गारंटी कहते थे वह भी आज जुमला साबित हुआ।
आतिशी ने कहा कि मैं रेखा गुप्ता से पूछना चाहती हूं कि उन्होंने मोदी जी को एक बार तो झूठा साबित कर दिया। क्या अब वे 8 मार्च को भी मोदी जी को झूठा साबित करेंगी? जब वे अपनी रैलियों में ये वादा करते थे महिलाओं से कि आप अपने मोबाइल नंबर को खाते से लिंक करा ले क्योंकि आपके पास 8 मार्च को 2500 रुपए का मैसेज आने वाला है।
आतिशी ने रेखा गुप्ता के उस बयान को आड़े हाथों लिया जिसमें उन्होंने कहा है कि “सरकार हमारी है एजेंडा हमारा काम हम करेंगे । आपको हर चीज में कहने की जरूरत नहीं है।” इस पर आतिशी ने कहा कि मैं तो आश्चर्यचकित हूं कि रेखा गुप्ता मोदी जी और नड्डा जी से कह रही है कि सरकार हमारी है काम हम करेंगे और आप हमसे सवाल नहीं पूछ सकते।
दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान किए वादों को पूरे करने के मुद्दे पर आरोप -प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।