दिल्ली को मिली नई मुख्यमंत्री, रेखा गुप्ता का पहला बयान—’यह पूरे देश की महिलाओं के लिए सम्मान की घड़ी’

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (19 फरवरी 2024): दिल्ली की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ गया है। भाजपा ने 27 साल बाद राजधानी की सत्ता में वापसी की है, और शालीमार बाग की विधायक रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस ऐतिहासिक मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और दिल्ली की जनता का आभार व्यक्त किया।

रेखा गुप्ता ने कहा, “मैं पीएम मोदी, अपनी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और दिल्ली की जनता को धन्यवाद करना चाहूंगी। जिन्होंने 27 साल बाद दिल्ली में जो एक नया अध्याय शुरू होने वाला है, उसकी जिम्मेदारी मुझको दी है। यह पूरे देश की महिलाओं के लिए सम्मान की घड़ी है। मेरा एक-एक क्षण इस जिम्मेदारी को पूरा करने में लगेगा।”

भाजपा विधायक दल की सर्वसम्मति से मिली जिम्मेदारी

भाजपा विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से रेखा गुप्ता को नेता चुना गया। इस दौरान भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने भी उन्हें बधाई दी और कहा कि उनके नेतृत्व में दिल्ली में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे। भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है।

उपराज्यपाल से मुलाकात और सरकार बनाने का दावा

मुख्यमंत्री पद के लिए चुने जाने के तुरंत बाद रेखा गुप्ता ने दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। उनके साथ भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

20 फरवरी को रामलीला मैदान में होगा शपथ ग्रहण समारोह

रेखा गुप्ता का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार, 20 फरवरी 2025 को दोपहर 12:35 बजे रामलीला मैदान में आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह और कई केंद्रीय मंत्री शामिल हो सकते हैं। माना जा रहा है कि यह शपथ ग्रहण समारोह दिल्ली की राजनीति में एक महत्वपूर्ण संदेश देगा।

निवर्तमान मुख्यमंत्री आतिशी की प्रतिक्रिया

रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री बनाए जाने पर निवर्तमान मुख्यमंत्री आतिशी ने भी बधाई दी और उम्मीद जताई कि भाजपा अपने सभी चुनावी वादों को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने जो भी जनादेश दिया है, उसका सम्मान होना चाहिए और अब भाजपा सरकार को विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

रेखा गुप्ता की सरकार से दिल्ली के लोग बड़ी उम्मीदें लगाए बैठे हैं। भाजपा ने चुनाव प्रचार के दौरान 24 घंटे पानी, यमुना की सफाई, अनधिकृत कॉलोनियों के नियमितीकरण और बेहतर कानून व्यवस्था जैसे वादे किए थे। अब देखना होगा कि नई मुख्यमंत्री इन वादों को किस तरह अमल में लाती हैं। दिल्ली में भाजपा की सत्ता वापसी और महिला मुख्यमंत्री के रूप में रेखा गुप्ता के चयन से न केवल राजधानी की राजनीति में बदलाव आया है, बल्कि यह देशभर में महिला नेतृत्व को लेकर एक नई बहस की शुरुआत भी कर सकता है।

टिप्पणियाँ बंद हैं।