31 अक्टूबर को होगा गुर्जर प्रतिभा सम्मान समारोह, राजनीतिक दलों से समाज को उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (13/10/2026): अखिल भारतीय गुर्जर महासभा (1908) की ओर से लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026 को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीयउपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। समारोह का आयोजन ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प के साथ किया जाएगा।

इस संबंध में मंगलवार, 13 अक्टूबर को ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-2 स्थित पटेल लोक सांस्कृतिक संस्थान में महासभा की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें मुख्य संयोजक एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एडवोकेट राजकुमार नागर ने कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महासभा समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ सामाजिक एकता और राष्ट्रीय एकजुटता को मजबूत करने के लिए प्रयासरत है।

सामाजिक कुरीतियों को दूर करने पर जोर

महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बच्चूसिंह बैंसला ने कहा कि संगठन समाज में व्याप्त विभिन्न कुरीतियों को समाप्त करने और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहा है। उन्होंने सामाजिक सुधार, जागरूकता और समाज के समग्र विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

लोकगीतों और रागनियों से सजेगा समारोह

महासभा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह नागर ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय लोक कलाकार ब्रह्मपाल नागर और उनकी टीम सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देगी। इस दौरान सामाजिक सरोकारों पर आधारित रागनियों और लोकगीतों के माध्यम से लोगों को मनोरंजन के साथ सामाजिक संदेश भी दिया जाएगा।

चुनावों में उचित प्रतिनिधित्व की मांग

प्रेस वार्ता के दौरान महासभा ने आगामी चुनावों में विभिन्न राजनीतिक दलों से गुर्जर समाज को उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की अपेक्षा जताई। संगठन की ओर से कहा गया कि यदि समाज को अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिलता है, तो महासभा अपने स्तर पर निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र होगी। इसमें चुनाव में अपना स्वतंत्र उम्मीदवार उतारने का विकल्प भी शामिल हो सकता है।

महासभा के इस रुख को आगामी चुनावों में समाज की राजनीतिक भागीदारी और प्रतिनिधित्व के मुद्दे से जोड़कर देखा जा रहा है।

प्रेस वार्ता में ये पदाधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डी.एन. सिंह, राष्ट्रीय सलाहकार रामप्रकाश मावी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुखबीर सिंह आर्य, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष इलम सिंह नागर, प्रदेश महामंत्री (संगठन) अमरजीत चौधरी, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के महासचिव शेर सिंह भाटी, युवा महासचिव सुधीर नागर, युवा अध्यक्ष एडवोकेट नितिश नागर, मेरठ के क्षेत्रीय अध्यक्ष कृष्णपाल गुर्जर, गौतमबुद्धनगर के जिला अध्यक्ष पंचशील गुर्जर और युवा जिला अध्यक्ष शिवा भाटी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

महासभा ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित होने वाले प्रतिभा सम्मान समारोह के जरिए समाज की उपलब्धियों को सम्मान देने, सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने और सामाजिक एकजुटता के संदेश को मजबूत करने की दिशा में पहल की है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।