सड़क हादसे में दो बहनों की दर्दनाक मौत, आवारा मवेशियों से हुई टक्कर

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (19 फरवरी 2025): दनकौर-सिकंद्राबाद रोड पर तेज रफ्तार कार के पेड़ से टकराने से चार लोग घायल हो गए, जिनमें से दो बहनों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। यह दुर्घटना तब हुई जब कार चालक ने अचानक सड़क पर आए आवारा सांड को बचाने की कोशिश की, जिससे कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई।

यह दर्दनाक हादसा बुलंदशहर के अनूपशहर निवासी मधुर शर्मा, उनकी बहन दीक्षा शर्मा (22), बुआ के लड़के अभय शर्मा और फुफेरी बहन कनिका शर्मा (26) के साथ हुआ। चारों लोग 10 फरवरी को दिल्ली में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे और देर रात अपने घर लौट रहे थे। जब वे हतेवा फार्म के पास पहुंचे, तो अचानक एक सांड सड़क पर आ गया। कार चालक ने सांड को बचाने का प्रयास किया, लेकिन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, इलाज के दौरान कनिका की सोमवार को और दीक्षा की मंगलवार को मौत हो गई। वहीं, एयरबैग खुलने की वजह से मधुर और अभय की चोटें हल्की आईं और वे खतरे से बाहर हैं।

कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह के अनुसार, मृतकों के स्वजन शवों का पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा मवेशियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जो सड़क हादसों का प्रमुख कारण बन रहे हैं। यह कोई पहली घटना नहीं है, आए दिन आवारा पशुओं के कारण ऐसी दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद प्रशासन इन मवेशियों को पकड़कर गोशालाओं में भेजने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा।

यह हादसा प्रशासन के लिए एक चेतावनी है कि सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों को हटाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। अन्यथा, ऐसे हादसे भविष्य में भी होते रहेंगे, जिनमें निर्दोष लोगों की जान जाती रहेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।