पांच लोगों से 56.60 लाख रुपये की ठगी, फंडिंग से लेकर ऑनलाइन ट्रेडिंग तक के नाम पर बनाया शिकार
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (12/10/2026): नोएडा में साइबर ठगी के पांच अलग-अलग मामलों में लोगों को करीब 56.60 लाख रुपये का नुकसान होने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने कहीं कंपनी का सीईओ बनकर गिफ्ट वाउचर खरीदवाए, तो कहीं करोड़ों रुपये की बिजनेस फंडिंग और ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का लालच दिया। एक मामले में इंटरनेट बैंकिंग के जरिए खाते से रकम निकाल ली गई। साइबर क्राइम थाने में शिकायतों के आधार पर पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीईओ बनकर गिफ्ट वाउचर के जरिए ठगे 5 लाख रुपये
पहले मामले में 47 वर्षीय अनुभव गुप्ता ने शिकायत दी कि 2 अगस्त 2026 को एक व्यक्ति ने कंपनी का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बनकर उनसे व्हाट्सऐप पर संपर्क किया। आरोपी ने क्लाइंट कॉल के लिए डिजिटल गिफ्ट वाउचर खरीदने को कहा। इसके बाद अमेजन के माध्यम से स्टीम वॉलेट के वाउचर खरीदवाए गए और उनके कोड ईमेल से भेजने के लिए कहा गया। इस प्रक्रिया के जरिए शिकायतकर्ता से कुल पांच लाख रुपये की ठगी कर ली गई।
10 करोड़ की फंडिंग का भरोसा देकर 14.25 लाख हड़पे
दूसरे मामले में 18 वर्षीय दीप्ति नायर नेगी ने आरोप लगाया कि 4 जुलाई 2026 को चेन्नई की एक कंपनी की ओर से उन्हें 10 करोड़ रुपये की बिजनेस फंडिंग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था। इस प्रक्रिया के नाम पर पहले 14 लाख रुपये और फिर 25 हजार रुपये एक निजी बैंक खाते में जमा कराए गए। उन्हें दो सप्ताह के भीतर कंपनी के खाते में रकम आने की बात कही गई, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद आरोपियों ने संपर्क करना बंद कर दिया। इस तरह शिकायतकर्ता को कुल 14.25 लाख रुपये की चपत लगी।
ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच देकर दो लोगों से ठगी
साइबर ठगी के दो अन्य मामलों में ट्रेडिंग के नाम पर निवेशकों को निशाना बनाया गया। 24 वर्षीय कुलदीप चेची ने शिकायत में बताया कि उन्हें निवेश पर अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा देकर पैसे जमा कराए गए। बाद में रकम वापस नहीं मिली और उनका खाता भी नहीं खुल रहा था। इनसे संबंधित दो शिकायतों में क्रमशः 6,76,002 रुपये और 7.92 लाख रुपये की धोखाधड़ी का उल्लेख है।
इंटरनेट बैंकिंग से खाते से निकले 9.67 लाख रुपये
एक अन्य शिकायत में 32 वर्षीय अभिषेक ने बताया कि 25 जुलाई 2026 को उनके एचडीएफसी बैंक खाते से इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से 9,67,257 रुपये की धोखाधड़ी हुई। उन्होंने पुलिस से रकम वापस दिलाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
वर्ष 2025 में हुई ऑनलाइन ठगी की शिकायत भी दर्ज
पांचवें मामले में रिंकू सिंह ने बताया कि उनके साथ 2 जून 2025 को ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई थी, जिसमें उन्हें 13 लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। इस मामले में भी शिकायत के आधार पर कार्रवाई की मांग की गई है।
पुलिस के अनुसार, साइबर क्राइम थाने में दर्ज सभी शिकायतों की जांच की जा रही है। अलग-अलग मामलों में ठगी के तरीके और पैसों के लेन-देन से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।