नोएडा के भंगेल में इंडियन बैंक के ATM में लगी आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (11/10/2026): नोएडा के भंगेल में रविवार, 11 अक्टूबर को इंडियन बैंक के एटीएम में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और बैंक के अंदर मौजूद उपकरणों को भी सुरक्षित बचा लिया गया।
गौतमबुद्ध नगर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 3:20 बजे डायल-112 के माध्यम से आग लगने की सूचना मिली थी। बताया गया कि भंगेल पुलिस चौकी के पीछे स्थित इंडियन बैंक के एटीएम में आग लगी है। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी घटनास्थल के लिए रवाना की गई। स्थानीय पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंच गई।
मौके पर पहुंचने पर अग्निशमन कर्मियों ने देखा कि बैंक के बाहर लगा एटीएम आग की चपेट में था। एटीएम बैंक के अंदरूनी हिस्से से भी जुड़ा हुआ था, जिससे आग के बैंक परिसर तक फैलने की आशंका थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने बैंक अधिकारियों की मौजूदगी में परिसर खुलवाया। एक ताला नहीं खुलने पर उसे काटकर अंदर प्रवेश किया गया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि दमकल की एक गाड़ी की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते की गई कार्रवाई से आग को बैंक के अंदर फैलने से रोक लिया गया। घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है। साथ ही, बैंक के अंदर रखे उपकरणों को भी सुरक्षित बचा लिया गया।
एसी में खराबी से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एसी में आई खराबी को आग लगने की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।