गाजियाबाद में मुठभेड़ के बाद 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, चोरी की फॉर्च्यूनर बरामद
टेन न्यूज नेटवर्क
Ghaziabad News (11/10/2026): गाजियाबाद में क्राइम ब्रांच और लिंक रोड थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश फरमान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। शनिवार रात सूर्यनगर चौराहे के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की फॉर्च्यूनर कार, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना के मुताबिक, लिंक रोड थाना पुलिस सूर्यनगर चौराहे पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार आती दिखाई दी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन कार सवार ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा देखकर आरोपी कार छोड़कर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे गोली लगने के बाद पकड़ लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र स्थित समर गार्डन निवासी फरमान पुत्र मेहरबान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, फरमान के खिलाफ मेरठ, गाजियाबाद और अन्य जिलों में चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, दुष्कर्म और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 100 मुकदमे दर्ज हैं। वह लिंक रोड और मधुबन बापूधाम थानों से जुड़े मामलों में वांछित था। मधुबन बापूधाम थाने से उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि फरमान कथित तौर पर अपने साथियों के साथ मिलकर वाहन चोरी करता था और चोरी की गाड़ियों को हरियाणा, उत्तराखंड समेत दूसरे राज्यों में पहुंचाता था। पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह में चार से पांच युवक शामिल हो सकते हैं। फिलहाल फरार आरोपी की तलाश की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।