दनकौर में कृषि प्रदर्शनी का समापन, किसानों को आधुनिक खेती और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (11/10/2026): दनकौर कस्बे स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में आयोजित दो दिवसीय कृषि प्रदर्शनी एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम-2026 का शनिवार शाम 5:30 बजे समापन हुआ। कार्यक्रम के दौरान किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, खाद-बीज के उचित उपयोग और केंद्र व प्रदेश सरकार की कृषि योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया। वहीं, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों एवं प्रशिक्षुओं को ‘ग्रीन गुरु अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन उप शिक्षा निदेशक अर्चना गुप्ता की अध्यक्षता में किया गया। वरिष्ठ प्रवक्ता अनिल कुमार ने आयोजन के संचालन में मार्गदर्शन दिया। मुख्य अतिथि अपर जिला कृषि अधिकारी अंबा प्रकाश शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने किसानों को कृषि उत्पादन बढ़ाने और बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही खाद, बीज और कीटनाशकों का निर्धारित मात्रा में सही तरीके से इस्तेमाल करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
प्रदर्शनी में कृषि विभाग की ओर से विभिन्न जागरूकता स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से किसानों को कृषि संबंधी सरकारी योजनाओं और किचन गार्डन योजना की जानकारी दी गई। आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे किसानों ने प्रदर्शनी में भाग लेकर खेती से जुड़ी उपयोगी जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों से परिचित कराने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में योगदान के लिए विभिन्न श्रेणियों में ‘ग्रीन गुरु अवॉर्ड’ प्रदान किए गए। प्राथमिक स्तर पर अर्चना पांडे, उच्च प्राथमिक स्तर पर स्मृति, माध्यमिक स्तर पर हरेंद्र भाटी, प्रशिक्षु वर्ग में मोनिका और डायट प्रवक्ता दीक्षा को सम्मानित किया गया।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए उच्च प्राथमिक विद्यालय दाढ़ की छात्राओं हया और सिमरन ने धरती मां पर आधारित नृत्य प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति के माध्यम से पृथ्वी की सुरक्षा, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर सुधीर कुमार, यतीश कुमार शर्मा, अभिषेक गुप्ता, रीना भारतीय, संदीप कुमार, भूपेंद्र, भोला और धनराज सिंह सहित संस्थान के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। समापन समारोह में प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।