नवरात्र से छठ तक यूपी में सुरक्षा व्यवस्था पर योगी सरकार की नजर, शिकायतों पर 24 घंटे में जवाब देना अनिवार्य
टेन न्यूज नेटवर्क
Lucknow News (10/10/2026): उत्तर प्रदेश में आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था और जनसुविधाओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। शनिवार को लखनऊ में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदीय नवरात्र से छठ महापर्व तक अधिकारी लगातार फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें। आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करें और उनकी समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायत लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को अधिकतम 24 घंटे के भीतर संतोषजनक जवाब दिया जाना चाहिए।
महिला सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी थानों में संचालित मिशन शक्ति केंद्रों को सक्रिय और प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए और जरूरत के अनुसार उन्हें परामर्श, सहायता तथा कानूनी सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने और एंटी रोमियो स्क्वॉड की कार्रवाई में तेजी लाने को भी कहा गया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने में पुलिस की सक्रियता और जवाबदेही बेहद जरूरी है।
प्रमुख शक्तिपीठों पर बढ़ेंगी सुविधाएं
शारदीय नवरात्र के दौरान प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती और व्यवस्थाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए। इनमें मीरजापुर का विंध्याचल धाम, बलरामपुर स्थित देवीपाटन शक्तिपीठ, सहारनपुर का मां शाकुंभरी देवी मंदिर और सीतापुर के नैमिषारण्य स्थित मां ललिता देवी शक्तिपीठ शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसरों में निर्बाध बिजली आपूर्ति, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा, ताकि दर्शन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
शोभायात्राओं और प्रतिमा विसर्जन के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम
त्योहारों के दौरान निकलने वाली शोभायात्राओं और प्रतिमा विसर्जन को लेकर मुख्यमंत्री ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित मार्गों पर पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई और अतिक्रमण हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
विसर्जन स्थलों पर मजबूत बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, नाव, प्रशिक्षित गोताखोर और जल पुलिस की तैनाती अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही शोभायात्रा और विसर्जन मार्गों पर चिकित्सा शिविर, एम्बुलेंस, मेडिकल टीम तथा अग्निशमन वाहनों की उपलब्धता बनाए रखने को कहा गया।
संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों व ड्रोन के माध्यम से निगरानी करने के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली गतिविधियों पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शोभायात्रा और प्रतिमा विसर्जन के मार्गों पर मांस तथा मदिरा की दुकानें नहीं लगनी चाहिए।
त्योहारों में यात्रियों के लिए अतिरिक्त बसें चलेंगी
त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग को अतिरिक्त बसों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बस स्टेशनों पर साफ-सफाई बनाए रखने और यात्रियों को सुगम परिवहन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया, ताकि पर्वों के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
खाद की कालाबाजारी पर सख्ती, पर्याप्त आपूर्ति के निर्देश
किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को खाद की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए और किसी भी सहकारी समिति में खाद की कमी नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारियों को स्थानीय स्तर पर खाद की मांग का आकलन कर कृषि विभाग को समय रहते जानकारी देने के निर्देश दिए गए, जिससे जरूरत के अनुसार उर्वरकों का आवंटन और आपूर्ति की जा सके।
बारिश से प्रभावित परिवारों को जल्द मिलेगी राहत
प्रदेश में अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अगले 48 घंटे के भीतर बारिश से हुए नुकसान और राहत वितरण का विस्तृत विवरण राहत आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा। जिन परिवारों के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत नियमानुसार लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करने की हिदायत
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने और आपदा प्रभावित परिवारों तक समय पर सहायता पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे फील्ड में सक्रिय रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें और जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।