विजयमहोत्सव 2026: 11 से 21 अक्टूबर तक होगा भव्य मंचन, 800 बच्चे दिखाएंगे प्रतिभा | श्री रामलीला कमेटी
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (10/10/2026): ग्रेटर नोएडा में श्री रामलीला कमेटी की ओर से 11 से 21 अक्टूबर तक विजय महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस दौरान भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित रामलीला का मंचन, बच्चों की सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं, विशाल झूले और खान-पान के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहेंगे। आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए समिति ने मंच, पार्किंग, स्वच्छता और सुरक्षा सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया है। समिति ने ग्रेटर नोएडा समेत पूरे एनसीआर के लोगों से परिवार सहित पहुंचकर महोत्सव में शामिल होने की अपील की है।
38 स्कूलों के करीब 800 बच्चे दिखाएंगे प्रतिभा
टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सरदार मंजीत सिंह ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 11 अक्टूबर को शाम 6 बजे बच्चों की भक्ति एवं देशभक्ति संगीत-नृत्य प्रतियोगिता से होगा। इसमें करीब 38 स्कूलों और अकादमियों के लगभग 800 बच्चे हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और सामाजिक विषयों पर अपनी सोच प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में फिल्मी क्विज या सामान्य गानों के बजाय देश की वर्तमान परिस्थितियों और सामाजिक मुद्दों से जुड़े विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए गोल्ड मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य बच्चों को मंच प्रदान करने के साथ युवाओं को भारतीय संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जोड़ना है। सरदार मंजीत सिंह के अनुसार, रामलीला परिसर में बैठने की सुविधा, हरियाली, सुरक्षा और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया गया है, ताकि दर्शक पूरे परिवार के साथ कार्यक्रम का आनंद ले सकें।

11 दिन तक चलेगा रामलीला मंचन, जानिए पूरा कार्यक्रम
श्री रामलीला कमेटी के संयुक्त महासचिव सौरभ बंसल ने बताया कि विजय महोत्सव 2026 के तहत 11 से 21 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कार्यक्रम का विवरण साझा करते हुए बताया कि 12 से 19 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 7 बजे से रामलीला का मंचन होगा। 20 अक्टूबर को रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। वहीं, 21 अक्टूबर को भरत मिलाप और भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ महोत्सव का समापन होगा।
उन्होंने कहा कि मेले में झूलों और खान-पान के स्टॉल के साथ दर्शकों के मनोरंजन के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। समिति की ओर से सभी क्षेत्रवासियों को परिवार सहित आमंत्रित किया गया है।

भगवान श्रीराम के आदर्शों से जुड़ने का मिलेगा अवसर
समिति के सचिव एडवोकेट मुकेश शर्मा ने कहा कि श्री रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और जीवन मूल्यों को समझने का भी माध्यम है। भगवान श्रीराम का जीवन परिवार के प्रति जिम्मेदारी निभाने, कठिन परिस्थितियों में कर्तव्य का पालन करने और मर्यादाओं का सम्मान करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने विशेष रूप से युवा पीढ़ी से रामलीला में शामिल होने और भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि संस्कारों और नैतिक मूल्यों के माध्यम से ही परिवार और समाज को मजबूत बनाया जा सकता है।

250 फीट का विशाल मंच, मुरादाबाद के 65 कलाकार करेंगे मंचन
समिति के मंत्री मुकुल गोयल ने बताया कि इस वर्ष रामलीला के मंच, पार्क और मेले की व्यवस्थाओं को पहले से अधिक आकर्षक बनाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि मुरादाबाद से आए 65 महिला एवं पुरुष कलाकार भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित रामलीला का मंचन करेंगे।
उन्होंने बताया कि आयोजन के लिए करीब 250 फीट का विशाल मंच तैयार किया गया है। स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए विशेष थीम भी बनाई गई है। मुकुल गोयल ने कहा कि समिति के सदस्य बिना किसी व्यक्तिगत प्रचार के निस्वार्थ भाव से आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं। उन्होंने लोगों से परिवार सहित पहुंचकर विजय महोत्सव का हिस्सा बनने की अपील की।

निःशुल्क पार्किंग और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम
समिति के उपाध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने बताया कि रामलीला और मेले में आने वाले दर्शकों की सुविधा के लिए निःशुल्क पार्किंग की व्यवस्था की गई है। परिसर के आसपास खुले स्थानों के साथ नजदीकी बड़े पार्क में भी वाहनों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि पार्किंग में बड़ी संख्या में वाहनों को खड़ा करने की व्यवस्था की गई है।
सुरक्षा के संबंध में उन्होंने बताया कि गार्डों और पुलिस प्रशासन की निगरानी में व्यवस्थाएं संचालित की जाएंगी। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को भी रामलीला दिखाने लाने की अपील की, ताकि नई पीढ़ी भारतीय संस्कृति और भगवान श्रीराम के आदर्शों से परिचित हो सके।

बड़े झूले, खान-पान के स्टॉल और सीसीटीवी से होगी निगरानी
समिति के संगठन मंत्री सुनील प्रधान ने बताया कि इस बार मेले को अधिक आकर्षक और सुविधाजनक बनाने के लिए बड़े झूले, खान-पान के स्टॉल और लोगों के बैठने के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं। आयोजन के दौरान समिति के सदस्य स्वयं वॉलंटियर के रूप में जिम्मेदारियां संभालेंगे।
उन्होंने बताया कि मेले में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। व्यवस्थाओं में लगे सदस्यों को वॉकी-टॉकी भी उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि किसी भी जरूरत के समय आपसी समन्वय के साथ तुरंत कार्रवाई की जा सके। असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने और दर्शकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

22 वर्षों से आयोजित हो रही है श्री रामलीला
समिति के सदस्यों ने बताया कि ग्रेटर नोएडा में पिछले 22 वर्षों से श्री रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष विजय महोत्सव को अधिक भव्य बनाने के लिए मेले, खान-पान के स्टॉल, झूलों और दर्शकों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। समिति को उम्मीद है कि बेहतर व्यवस्थाओं और व्यापक प्रचार-प्रसार के चलते इस बार बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल होंगे।
श्री रामलीला कमेटी ने ग्रेटर नोएडा और एनसीआर के सभी निवासियों से 11 से 21 अक्टूबर तक आयोजित विजय महोत्सव 2026 में परिवार सहित पहुंचने की अपील की है। समिति के अनुसार, यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और भगवान श्रीराम के आदर्शों से जुड़ने का अवसर भी प्रदान करेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।