सत्य निकेतन हादसे के बाद MCD का बड़ा एक्शन, 3 दिन में जर्जर बिल्डिंग गिराने का आदेश

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (07 September 2026): दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत ढहने की दर्दनाक घटना के बाद दिल्ली नगर निगम (MCD) ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 11 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। घटनास्थल पर अभी भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और मलबे में फंसे अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए MCD ने बिल्डिंग नंबर 13 को तत्काल खाली कराने और अगले तीन दिनों के भीतर उसे गिराने का आदेश जारी किया है।

MCD के आदेश के मुताबिक, बिल्डिंग नंबर 13 बेहद जर्जर और खतरनाक स्थिति में है और इसके कारण वहां रहने वाले लोगों के साथ-साथ आसपास से गुजरने वाले लोगों की जान को भी खतरा हो सकता है। निगम ने दिल्ली नगर निगम अधिनियम, 1957 की संबंधित धाराओं के तहत संपत्ति मालिक को तीन दिन के भीतर इमारत गिराने का निर्देश दिया है। आदेश का पालन नहीं होने पर MCD खुद इस खतरनाक इमारत को गिराएगा और कार्रवाई पर आने वाला खर्च संपत्ति मालिक से टैक्स की बकाया राशि के रूप में वसूला जाएगा।

सत्य निकेतन हादसे के बाद निगम ने सिर्फ एक इमारत तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी है। MCD ने चार मंजिल से अधिक ऊंचे सभी अवैध निर्माणों को तत्काल सील करने के निर्देश दिए हैं। निगम की ओर से ऐसे निर्माणों की पहचान कर कार्रवाई करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि अवैध निर्माण को मंजूरी देने, नजरअंदाज करने या बनने देने में जिन अधिकारियों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने भी हादसे को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि सत्य निकेतन इमारत हादसे के जिम्मेदार लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। चार मंजिल से अधिक ऊंचे अवैध निर्माणों को तत्काल सील करने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इस घटना के बाद MCD की कार्रवाई से साफ है कि राजधानी में जर्जर और नियमों का उल्लंघन करने वाली इमारतों के खिलाफ अब बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा सकता है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।